Passed two-thirds majority in six phases: Samajwadi Party…#upelection2022
आगरालीक्स….समाजवादी पार्टी ने कहा—छह चरण में दो तिहाई बहुमत का हुआ आंकड़ा पार. भाजपा के खिलाफ जनता में प्रबल विरोध की लहर…
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि राज्य विधानसभा के छः चरणों के मतदान के बाद समाजवादी पार्टी गठबंधन को दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार करने से भाजपा रोक नहीं पाई है। भाजपा के खिलाफ जनता में प्रबल विरोध की लहर है। किसानों, श्रमिकों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों सभी ने समाजवादी पार्टी और गठबंधन में शामिल सभी दलों के प्रत्याशियों को भरपूर समर्थन दिया है। प्रदेश में अब समाजवादी गठबंधन की भारी बहुमत की सरकार बनना तय है। भाजपाई समझ गए है कि अब उनके अच्छे दिन जानेे वाले है और जनता के अच्छे दिन आने वाले है।
अपनी हार को नजदीक देखकर भाजपा नेतृत्व अब दबंगों और स्वामिभक्त प्रशासनिक अधिकारियों की मदद से मतदान में धांधली करने में लग गया है। इसके लिए कई हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग को ये शिकायतें लिखित पत्र द्वारा दे दी गई है कि कई जनपदों के बूथो पर ईवीएम में खराबी की बड़ें पैमाने पर शिकायतें मिली है। मतदाता परेशान होते रहे, कई स्थानों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। सिद्धार्थनगर के बांसी में बूथ संख्या 96 पर ईवीएम में वीप की आवाज नहीं आती रही। बस्ती के कप्तानगंज की बूथ संख्या 416 पर ईवीएम में साइकिल निशान बटन पर फेवीकोल डाल दिया गया। रामकोला के बूथ नं0 344 पर भाजपा के अलावा किसी पार्टी का बटन काम नहीं कर रहा है। कुशीनगर के तमकुहीराज के बूथ संख्या 21 पर ईवीएम में न तो साइकिल बटन दबा और न लाईट जली।
जनपद कुशीनगर के तमकुहीराज के बूथ संख्या 36 पर मतदान अधिकारी फर्जी मतदान करा रहे है जबकि 96, 97 पर भाजपा के बूथ एजेंट तिवारी जी बूथ पर भाजपा का प्रचार करते दिखे। सिद्धार्थ नगर के इटवा में बूथ संख्या 38 पर पुलिस कर्मी जांच के नाम पर मतदाताओं को परेशान कर रहे हैं। यहीं इटवा के बूथ संख्या 171, 375 पर भाजपाई फर्जी मतदान करा रहे हैं। बूथ संख्या 375 पर भाजपा मंत्री सतीश द्विवेदी स्वयं बैठकर फर्जी बोटिंग कराते दिखे है। शोहरतगढ़ के बूथ संख्या 393 पर होमगार्ड जवान भाजपा के पक्ष में काम करते मिले। जनपद महाराजगंज के सिसवा में बूथ संख्या 37 पर एनसीसी कैडेट भगवा रंग का आईकार्ड गले में डाले मतदान स्थलों पर घूमते मिले जो भाजपा के पक्ष में मतदाताओं को प्रभावित करते रहे। बलरामपुर जनपद के बूथ संख्या 25 पर मतदाताओं को नाम/पहचान पत्र में थोड़ी-थोड़ी तकनीकी कमियों के कारण वोट नहीं डालने दिया गया। बलिया के बूथ संख्या 255 पर भाजपा ने फर्जी मतदान कराया।