आगरालीक्स…आगरा में फार्मा कंपनी की महिला अधिकारी का एटीएम बदला. खाते से निकाले 1.20 लाख रुपये. आरोप—नहीं हुई सुनवाई, एसएसपी से मिलेंगी
आगरा में गुरुवार दोपहर को फार्मा कंपनी में अधिकारी सृष्टि माहौर का सदर थाना क्षेत्र स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से दो युवकों ने एटीएम कार्ड बदल दिया. महिला के खाते से 1.20 लाख रुपये निकाल लिए गए. जब इसकी जानकारी सृष्टि माहौर को हुई तो उन्होंने हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया. कॉल् रिसीव नहीं हुआ तो पुलिस चौकी पहुंची. आरोप है कि यहां भी सुनवाई न होने पर साइबर सेल में शिकायत की लेकिन कुछ फायदा नहीं हुआ. अब वह एसएसपी से मिलकर शिकायत करेंगी.

महिला सृष्टि माहौर ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे वह इंद्रापुरम मोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में रुपये निकालने गई थीं. रुपयेनहीं निकले. तभी एटीएम केबिन में दो युवक आ गए. एक ने उनके हाथ से एटीएम ले लिया और कहा कि एटीएम कार्ड को साफ करना पड़ता है, कभी—कभी नमी की वजह से दिक्कत हो जाती है. युवक ने एटीएम कार्ड हाथ से साफ कर दिया और दूसरे हाथ से उन्हें वापस भी कर दिया. सृष्टि माहौर कुछ समझ नहीं पाईं, उन्होंने एटीएम मशीन में दोबारा लगाया लेकिन रुपये फिर नहीं निकले. इस पर वह वापस आ गईं.
उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक के मैसेज आए जिसमें रुपये निकलने की जानकारी थी. थोड़ी देर में उन्होंने पता किया तो पता चला कि 1.20 लाख रुपये खाते से निकाले गए हैं. उन्होंने अपना एटीएम कार्ड गौर से चेक किया तो वह दूसरा निकला.