आगरालीक्स.. आगरा में आज से पितृ-पक्ष शुरू हो गए, तर्पण किया जाएगा, लेकिन आगरा में तमाम बुजुर्गों को उनके बेटों ने ही घर से बाहर निकाल दिया, वे वृद्ध आश्रम में रह रहे हैं।
आगरा के सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्ध आश्रम में आठ बुजुर्ग पितृ-पक्ष शुरु होने से पहले पहुंचे, इसमें से तीन बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है।
अर्जुन नगर निवासी रेलवे से रिटायर उदयवीर सक्सेना व उनकी पत्नी निर्मला सक्सेना भी शामिल हैं, जिन्होंने अपने बेटे को अच्छी शिक्षा और जिंदगी देने को ताउम्र मेहनत की। उनका कहना है कि हमने सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन यह दिन देखना पड़ेगा और हमें हमारा ही लाड़ला वृद्धाश्रम में पहुंचा देगा। पंचकुइया निवासी शांति देवी का कहना है कि पति के स्वर्गवास के बाद बच्चों को पाला-पोसा और आज बुजुर्ग होने पर उन्होंने ही मुंह मोड़ लिया।
गोद लिए पुत्र ने घर से बाहर निकाला
रामलाल आश्रम के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने बताया कि आश्रम में बेलनगंज निवासी नरेंद्र गर्ग भी आए हैं। बेटा न होने पर उन्होंने पत्नी के कहने पर एक गरीब परिवार के बच्चे को गोद लिया, ताकि बुढ़ापे की लाठी बने। लेकिन वह भी निर्लज्ज निकला। अन्य बुजुर्गों में मैनपुरी निवासी महेंद्र सिंह, विनोद कुमार, धीरेंद्र और एटा निवासी लीलावती शामिल हैं।