आगरालीक्स.. सुशांत सिंह राजपूत केस में सीबीआई के अधिकारियां का बडा बयान देश दुनिया की दोपहर एक बजे तक की खबरें.
सुशांत की हत्या का सुबूत नहीं
अभिनेता सुशांत मामले में सीबीआई समेत कई एजेंसियों की जांच जारी है लेकिन उसकी मौत की गुत्थी अभी सुलझ नहीं पाई है। इस केस से संबंधित सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि सुशांत की हत्या का कोई सुबूत नहीं मिला है, हालांकि इन्वेस्टीगेशन अभी जारी है।
गोवा के सीएम कोरोना संक्रमित
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने जानकारी दी है कि वह कोरोना पॉजिटिव हैं, इसलिये अपने घर पर ही आईसोलेशन में रहेंगे, उनके संपर्क में आने वाले लोगों को कोरोना जांच कराने और घर पर ही रहने की सलाह दी गई है।
ड्रग पैडलर गिरफ्तार
सुशांत सिंह केस में एनसीबी में हाल ही में एक ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया है। इस केस में ड्रग एंगिल की एंट्री तब हुई जब रिया का मोबाइल फोन क्लोन कर कई ऐसे मैसेज रिट्रीव हुए, जिनमें रिया खुलेआम ड्रग्स के लेनदेन की बात कर रही थी।
कोरोना का कोहराम जारी
देश में कोरोना वायरस का कोहराम बढ़ता जा रहा है। बीते 24 घंटों में 78357 नये मामले में सामने आए हैं, जबकि इसी दौरान 1045 लोगों की मौत हो गई। संक्रमित मरीजों की संख्या 37 लाख तथा मृतकों की संख्या 66 हजार के पार पहुंच गई है।
मानसून सत्र में प्रश्नकाल नहीं होगा
कोरोना वायरस संक्रमण के बीच 14 सितंबर से होने वाले संसद के मानसून सत्र के दौरान प्रश्नकाल नहीं होगा। इस फैसले के खिलाफ कांग्रेस के अधीर रंजन और टीएमसी के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने सरकार पर हमला बोलेत हुए आरोप लगाया कि महामारी का बहाना लेकर लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।
मोदी का यूएन में संबोधन 26 को
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र की महासभा को संबोधित कर सकते हैं। मोदी का यह संबोधन लाइव नहीं, बल्कि रिकॉडेड होगा, यह पहली बार होगा कि संयुक्त राष्ट्र की बैठक वर्चुअल होगी।
राजनाथ रूस रवाना
भारत और चीन के बीच जारी सीमा विवाद के बीच रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज एससीओ (शंघाई सहयोग संगठन) के रक्षामंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए आज रूस रवाना हो गए। द्वितीय विश्व युद्ध की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर सदस्य देशों के रक्षामंत्रियों की बैठक में श्री सिंह भाग लेंगे।
नेपाल की बांग्लादेश से गुहार
नेपाल ने अब बांग्लादेश से मदद की गुहार लगाई है। नेपाली पीएम ओली बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना को फोनकर कहा है कि नेपाल में यूरिया की भारी किल्लत है, इसलिये हमें तुरंत सप्लाई की जाए।
छेड़छाड़ से परेशान हो जान दी
उत्तर प्रदेश में तमाम कोशिशों के बावजूद अपराधियों के हौंसले बेकाबू हो रहे हैं। बुलंदशहर में 14 साल की एक लड़की ने कुछ मनचलों की छेड़छाड़ से परेशान होकर जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।