आगरालीक्स..(Agra News 5th July) आगरा के विम्स हॉस्पिटल पुराना रामरघु हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित युवा महिला अधिवक्ता के परिजनों ने छेडखानी और षडयंत्र के तहत हत्या के आरोप में कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। सीजेएम की अदालत ने थाना प्रभारी हरीपर्वत से आठ जुलाई को आख्या तलब करने के आदेश दिए हैं।
बाईंपुर सिकंदरा निवासी प्रार्थी ने वरिष्ठ अधिवक्ता राम प्रकाश शर्मा के माध्यम से अदालत में मुकदमा दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। इसमें आरोपलगाए हैं कि उनकी पुत्री युवा अधिवक्ता को कोरोना संक्रमित होने पर पांच मई 2021 की रात को विम्स हास्पिटल, पुराने राम रघु हास्पिटल में भर्ती किया गया। आरोप है कि पुत्री के इलाज में लाखों रुपये खर्च हो गए, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि 13 मई की रात में प्रार्थी की पुत्री के साथ हॉस्पिटल के डॉक्टर एवं स्टाफ द्वारा अशोभनीय घटना की गई, जिसकी जानकारी बेटी ने अगले दिन छोटी बहन को दी, साथ ही 15 मई की शाम को उसने अपने छोटे भाई के मोबाइल पर मैसेज भेज कर जानकारी दी। प्रार्थी के पुत्र द्वारा पूछताछ करने पर प्रबंधक एवं डॉक्टरों ने ऐसी किसी भी घटना के होने से सापफ मना कर दिया। यह भी आरोप है कि 19 मई को करीब 5 30 बजे सुबह साजिश के तहत षडयंत्र रचकर हॉस्पिटल प्रबंधन , डाक्टर और स्टाफ ने पुत्री की हत्या कर दी। थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर न्याय के लिए अदालत की मदद ली है।
नौकरी से निकालने की जानकारी दी
आरोप है कि प्रार्थी द्वारा विरोध करने पर हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा कहा गया कि उस कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया है, जब पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया तो कहा कि हास्पिटल की बदनामी होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन कार्रवाई नहीं की।