आगरालीक्स…बस से आगरा आ रही 50 हजार की इनामी पूजा शकुन पांडेय भरतपुर में अरेस्ट. अलीगढ़ में बाइक शोरूम मालिक की शूटरों से गोली मारकर हत्या कराने की है आरोपी
26 सितंबर को अलीगढ़ के कस्बा खैर में बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता की खेरेश्वर चौराहे पर गोली मारकर हत्या की गई थी. इस हत्या में अशोक पांडेय और पूजा शकुन पांडेय को नामजद कर अज्ञात शूटरों से हत्या का आरोप लगाया था. पुलिस ने इस मामले में अशोक पांडेय और दो शूटर मो.फजल व आसिफ को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था लेकिन पूजा शकुन पांडेय फरार चल रही थी.
भरतपुर से की गई अरेस्ट
पुलिस ने बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता की मर्डर में फरार आरोपी शकुन पांडेय पर 50 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था. अलीगढ़ की रोरावर पुलिस, स्वॉट व सर्विलांस टीम को पता चला कि पूजा शकुन पांडेय एसआर ट्रैवल्स की बस में बैठकर जयपुर से आगरा जा रही है. इस सूचना पर पुलिस ने भरतपुर में आगरा—जयपुर मार्ग पर लोधा बाई टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले सेवर रेलवे ब्रिज के पास चेकिंग शुरू कर दी. बस को रुकवाकर उसमें बैठी पूजा शकुन पांडेय को अरेस्ट कर लिया. पूजा शकुन पांडेय को यहां से सीधे अलीगढ़ के महिला थाना ले जाया गया.
बोली—कोर्ट में वकील के माध्यम से दूंगी गवाही
जब पुलिस ने पूजा शकुन पांडेय से बाइक शोरूम मालिक की हत्या के बारे में पूछताछ की तो उसने कहा कि वह अपनी गवाही कोर्ट में वकील के माध्यम से देगी. अरेस्ट की गई पूजा शकुन पांडेय पर अलीगढ़ में छह मुकदमे दर्ज हैं. पूजा शकुन पांडेय को कोर्ट के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.