आगरालीक्स… आगरा में मरीज के पास पैसा नहीं है तो इलाज ना मिले, ऐसा नहीं होना चाहिए, यह काम डॉक्टर ही कर सकते हैं। आईएमए, एएमएस की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक में मंगलवार को होटल केएस पैलेस में उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि डॉक्टरों को मरीजों की सेवा करनी चाहिए, ऐसा नहीं होना चाहिए कि मरीज के पास पैसे नहीं है, इसलिए उसे इलाज नहीं मिल रहा है। उन्होंने कई उदाहरण भी दिए, साथ ही नई बीमारियों और जीवनशैली से जुडी बीमारियों के इलाज के लिए शोध कार्य करने पर जोर दिया।
आईएमए एएमएस के चेयरमैन डॉ डीवी शर्मा ने कहा कि मरीज और डॉक्टरों के बीच अच्छे संबंध होने से ही चिकित्सकीय पेशे का माहौल सुधर सकता है। आज मरीज और तीमारदार भी गूगल और लोगों से सुनने के बाद तमाम तरह के सवाल करते हैं जबकि एक डॉक्टर अपने मरीज से अच्छी तरह से बात करता है, उसके लक्षण पूछता है तो बीमारी का पता चल जाता है। मरीज की उम्र, वह क्या काम करता है यहां तक कि कहां रहता है, इसे पता करने के बाद डॉक्टर एक ही तरह की बीमारी में अलग अलग मरीज के लिए अलग इलाज दे सकते हैं। इस दौरान आईएमए के अध्यक्ष डॉ अशोक शिरोमणि, पूर्व अध्यक्ष डॉ रवि पचौरी, डॉ पंकज नगाइच, डॉ अनुभव गोयल आदि मौजूद रहे।