आगरालीक्स …आगरा में श्रीजगन्नाथ मंदिर में श्रीराधा संग श्यामसुन्दर व चैतन्य महाप्रभु का फूल डोल उत्सव (पुष्प अभिषेक) मनाया गया, जिसमें श्रीराधा संग श्यामसुन्दर व चैतन्य महाप्रभु का पुष्प अभिषेक (रजनीगंधा व गुलाब के फूलों से) किया गया। विधि विधान व मंत्रोच्चारण के साथ सुगंधित पुष्पों से भगवान को स्नान कराया गया। इस अवसर हरे नाम संकीर्तन, फूल बंगला व छप्पन भोग का भी आयोजन किया गया।
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आयोजित तीन दिवसीय पूर्णिमा महोत्सव के तहत आज दूसरे दिन फूल डोल उत्सव (पुष्प अभिषेक) का आयोजन किया गया। श्रीराधा जी के साथ श्यामसुन्दर व चैतन्य महाप्रभु का विशेष श्रंगार हुआ। गौरकथा में दूसरे दिन इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्य की कथा सुनाते हुए कहा कि हरे कृष्णा महामंत्र का प्रचार के लिए ही महाप्रभु धरती पर आए। हरे कृष्णा कीर्तन की महिमा बताते हुए कहा कि महाप्रभु बाल्यकाल में हरे नाम कीर्तन सुनकर ही चुप होते थे और मुस्कुराते थे।
इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि 9 मार्च को शाम 6 बजे से चैतन्य महाप्रभु का अभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर भजन संध्या व भक्तों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ओम प्रकाश, कामता प्रसाद, राहुल अग्रवाल, शैलेन्द्र प्रभु, कुलशेखर प्रभु आदि उपस्थित थे।