आगरालीक्स ….आगरा में फूलों की जबरदस्त मांग, थोक मंडी में तीन गुना महंगा बिका गेंदा और गुलाब, गुलाब की माला 400 रुपये में।
रामलला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिरों से लेकर लोग घर और कालोनियों में सजावट कर रहे हैं। मंदिरों को फूलों से सजाया जा रहा है, इससे फूलों की मांग कई गुना बढ़ गई है। बालूगंज स्थित थोक फूल मंडी में कोहरा के बाद भी सुबह छह बजे से दुकानदार फूल खरीदने के लिए पहुंच गए।
150 रुपये किलो तक बिका गेंदा
सर्दियों में गेंदा 40 से 50 रुपये किलो तक बिकता है लेकिन अचानक से मांग बढ़ने के कारण गेंदा 150 से 200 रुपये किलो तक बिका। इसी तरह से 80 से 100 रुपये किलो बिकने वाला गुलाब 300 रुपये किलो तक बिका। थोक मंडी में सामान्य दिनों की तुलना में तीन गुना अधिक गेंदा और गुलाब आया।
गुलाब की माला 400 रुपये तक पहुंची
फूलों की दुकानों पर माला के रेट बढ़ गए, 10 रुपये वाली माला 30 रुपये तक और 100 से 150 रुपये वाली गुलाब की माला 400 रुपये तक बिकी। सुबह के बाद दोपहर में फूलों के रेट बढ़ गए।