
सपा ने चुनावी तैयारी शुरू कर दी है, जातिगत वोट बैंक से संगठन को मजबूत किया जा रहा है। ऐसे में ब्राहृमण वोट बैंक के लिए पंडित अभिनव शर्मा को राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) बनाया गया है। जिससे ब्राहृमण वोट बैंक को मजबूत किया जा सके। वहीं, ठाकुर वोट बैंक के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह की पत्नी रानी पक्षालिका सिंह को राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) बनाया गया है। इस तरह आगरा को दो लाल बत्ती दी गई हैं, इसके बाद और लाल बत्ती दी जा सकती हैं। इसके लिए कई पदाधिकारी लाइन में लगे हुए हैं।
सपा के लिए आगरा में जीत है चुनौती
आगरा में सपा के पास एक ही सीट है, वह भी बाह से, यहां से पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह विधायक हैं। वहीं, अन्य सीटों पर सपा पिछले चुनाव में दूसरे और तीसरे नंबर पर रही थी। इस बार एंटी इन्कंबंसी फैक्टर के चलते सपा के लिए विधान सभा चुनाव में जीत दर्ज करना बडी चुनौती है। इसे देखते हुए सपा ने अपने प्रत्याशी घोषित करना शुरू कर दिया है। एत्मादपुर से प्रेम सिंह बघेल, आगरा उत्तर से भाजपा से सपा में शामिल हुई डॉ कुंदनिका शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। आगरा दक्षिण से घोषित सपा की प्रत्याशी भाजपा में शामिल हो गई हैं, इसके साथ ही चंद्र सेन टपलू, डॉ राजेंद्र सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इन प्रत्याशियों ने चुनाव के लिए ग्राउंड तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही प्रत्याशियों को घोषित करने का सिलसिला जारी है।
Leave a comment