आगरालीक्स ….आगरा के आरबीएस कॉलेजों में चीफ प्रोक्टर और दो कर्मचारियों को हवालात में बंद करने के मामले में काम ठप, एमएड परीक्षा नोडल केंद्र बदला। ( RBS College, Agra Teachers & Employees work boycott, Nodal center for Med exam change)
आगरा के आरबीएस डिग्री कॉलेज में ई रिक्शा चालक को डंडे से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद थाना हरीपर्वत पुलिस ने चीफ प्रोक्टर डॉ. संजीव पाल सिंह और दो कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कर हवालात में बंद कर दिया था। इससे आक्रोशित शिक्षक और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया है।
एमएड परीक्षा का नोडल केंद्र बदला
विवि की एमएड की परीक्षा 30 जुलाई यानी मंगलवार से शुरू हो रही हैं, परीक्षाएं सात अगस्त तक चलेंगी। इसके लिए आरबीएस कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया गया था। शिक्षकों के कार्य बहिष्कार करने के बाद रात को एमएड की परीक्षा का नोडल केंद्र बदल दिया गया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश के अनुसार, आरबीएस कालेज आगरा में एमएड पाठ्यक्रम की 30 जुलाई से आरंभ होने वाली परीक्षा, आरबीएस कालेज आगरा में चल रहे शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार व धरना प्रदर्शन के कारण ,परीक्षा की शुचिता के दृष्टिगत छात्रहित में अब यह परीक्षाएँ संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय बल्केश्वर आगरा में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगी।सम्बन्धित परीक्षार्थी परिवर्तित केंद्र पर परीक्षाओं में निर्धारित समय पर पहुंच कर परीक्षाओं में सम्मिलित हो।