आगरालीक्स… 100 करोड की तेल चोरी में गिरफ्तार आगरा के तेल कारोबारी मनोज गोयल के मोबाइल की कॉल डिटेल से कई बडे लोग फंस सकते हैं। चोरी का तेल आगरा के स्टार होटलों में सप्लाई हो रहा था, इसके लिए पूरा नेटवर्क बना रखा था।
मीडियो रिपोर्ट के अनुसार मथुरा में भरतपुर रोड से पकडे गए तेल कारोबारी मनोज गोयल से पूछताछ में कई बडे खुलासे हुए हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मनोज गोयल के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल में पुलिस वालों के भी नंबर हैं, मथुरा से चोरी का तेल रात में टैंकरों से निकाला जाता था। दरोगा और पुलिस कर्मियों की मनोज से बात होती थी।
डायरी से खुल रहा राज
तेल कारोबारी मनोज गोयल के आगरा स्थित पेट्रोल पंपों से जब्त किए गए रिकार्ड में एक डायरी में कई नाम लिखे हुए मिले हैं। पुलिस ने पेट्रोल पंपों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में ले लिया है। मनोज ने सभी का हिस्सा तय कर रखा था। एक दरोगा को उसने गाड़ी भी मुहैया करा रखी थी। ये पुलिस वाले मनोज के इशारों पर नाचते थे। उसके काम में बाधा पहुंचाने वालों को उसके कहने परेशान करते थे।
इनमें मारुति स्टेट स्थित एक पेट्रोल पंप पर पुलिस वाले मनोज से मिलकर बाहर निकलते नजर आ रहे हैं।
यह है मामला
18 फरवरी को मथुरा रिफाइनरी की पाइपलाइन डिवीजन की पेट्रोलिंग यूनिट ने तेल चोरी होने का खुलासा किया था। मामले में आरोपी रामहरि प्रधान, भंकरपुर बसैला के रवि चौधरी, आगरा के तरविंदर सिंह सरदार और परसौतीगढ़ी के कुलदीप को गिरफ्तार किया जा चुका है। आगरा निवासी मनोज गोयल सहित 13 आरोपी फरार हैं। थाना हरीपर्वत आगरा की नेहरू नगर पुलिस चौकी के सामने ही मनोज गोयल पुत्र घूरेलाल की आलीशान कोठी है। मनोज गोयल अभी पुलिस के हाथ नहीं आया है। मामले की जांच कर रही विशेष टीम ने उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट भी जारी कराए, इसके बाद भी वह हाथ नहीं आया तो 21 मार्च को कोर्ट में उसकी संपत्ति की कुर्की करने के लिए आवेदन किया। कोर्ट ने अगले दिन कुर्की का आदेश जारी कर दिया
तेल का गंदा कारोबार
तेल के काले कारोबार में आगरा के मनोज गोयल की परत दर परत खुलती जा रही है, उसके पेट्रोल पंप, स्कूल, होटल और बैंकेट हॉल हैं। मनोज गोयल का परिवार मूल रूप से किरावली का रहने वाला है। तीस साल पहले उसके पिता घूरेलाल गोयल शाहगंज के सोरो कटरा में आकर बसे थे। वह भी तेल का काम करते थे। उनके बाद इसे मनोज ने संभाल लिया। उसने दस साल पहले नेहरू नगर में कोठी बना ली। अब यहीं रहता है। पुलिस उसकी पूरी कुंडली तैयार कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मनोज गोयल के 14 पेट्रोल पंप हैं, कई पेट्रोल पंप में उसके रिश्तेदार पार्टनर हैं। उसके पेट्रोल पंप भगवान टाकीज, गांधी नगर, जीआईसी ग्राउंड के पास, मुगल रोड, भावना स्टेट चौराहा, सुल्तानगंज की पुलिया और तोता का ताल पर एक -एक है। यमुनापार और खेरागढ़ में दो-दो हैं। इनके अलावा दो इटावा और एक जसवंत नगर में है। चार होटल, चार बैंक्वेट हॉल और पांच स्कूल हैं।
Leave a comment