आगरालीक्स.. आगरा में मिठाई खरीदने पर डिब्बे का वजन भी साथ में तौलने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा, 400 रुपये किलो की मिठाई के साथ दुकानदार डिब्बा भी तौल रहे हैं, इससे मिठाई और महंगी होती जा रही है। इसे लेकर बांट-माप विभाग 25 अक्टूबर से अभियान चलाएगा।

आगरा में देसी घी से बनी मिठाईयों का रेट 400 रुपये से अधिक है, इन मिठाईयों को खरीदने पर दुकानदार डिब्बे के साथ मिठाई तौलते हैं, डिब्बे में 50 ग्राम से लेकर 150 ग्राम तक वजन होता है। कुछ दुकानदार एक किलो मिठाई खरीदने पर डिब्बे के साथ तौलने पर थोडी ज्यादा मिठाई देते हैं लेकिन यह भी गलत है। मिठाई का वजन डिब्बे को हटाकर तौलना चाहिए, ऐसा करने में समस्या आने पर डिब्बे का जो भी वजन है, उस हिसाब से मिठाई अधिक तौलनी चाहिए। मगर, ऐसा नहीं हो रहा है। इसे देखते हुए बांट माप विभाग द्वारा अभियान चलाया जाएगा। डिब्बे के साथ मिठाई तौलने पर 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
ये हैं नियम
इलेक्ट्रॉनिक तराजू में एक बटन टेयर का होता है। मिठाई का खाली डिब्बा रखने के बाद टेयर का बटन दबाने से तराजू शून्य बताता है। टेयर का बटन दबाने के बाद ही मिठाई तौलनी चाहिए लेकिन अक्सर दुकानदार ऐसा नहीं करते हैं।