आगरालीक्स.. आगरा में बदमाशों ने पेट्रोल पंप का कैश लूटा, तमंचे की नोक पर कैश लूट कर बदमाश फरार हो गए। पुलिस छानबीन में जुटी है।
फतेहपुर सीकरी कस्बा निवासी भारत गोयल और राजवीर सिंह का जयपुर हाईवे स्थित रसूलपुर पर पेट्रोल पंप है। मंगलवार शाम 5.30 बजे पेट्रोल पंप के कर्मचारी सतीश और दीपक निवासी मंडी गुड़ रोज की तरह कैश लेकर राजवीर के घर आ रहे थे। पेट्रोल पंप से 500 मीटर दूर आते ही तेरह मोरी बांध के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बाइक चलाते बदमाश ने साथी से कैशियर को गोली मारने की कहा। बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया, गोली दोनों के बीच से होकर गुजर गईउसके साथी कैश से भरा बैग लूट कर भरतपुर की तरफ फरार हो गए। लूट की सूचना से खलबली मच गई। पेट्रोल पंप के संचालक भारत गोयल पहुंच गए।
एसएसपी पहुंचे, जगह जगह चेकिंग
लूट की सूचना के बाद एसएसपी अमित पाठक भी पहुंच गए, लूट की वारदात के बाद पुलिस ने आगरा जयपुर मार्ग पर चेकिंग कराई लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
कर्मचारी से पूछताछ
पेट्रोल पंप का कैश लूटने के बाद पुलिस कर्मचारी से भी पूछताछ कर रही है, पेट्रोल पंप से कैश जा रहा है यह वहां के कर्मचारियों को ही पता होता है। ऐसे में घात लगाए बैठे बदमाशों ने लूट की थी, उन्हें पता था कि कर्मचारी कैश लेकर आ रहा था। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है जिससे जल्द ही लूट का खुलासा हो सके।
बेटी की फीस जमा करने जा रहे थे, जेब काटी
नगला महादेव ताजगंज निवासी जनक सिंह हॉकर है। उनकी बेटी इंजीनियरिंग एंट्रेंस की तैयारी कर रही है। वह सोमवार दोपहर 12.30 बजे खंदारी स्थित कोचिंग में फीस जमा कराने जा रहे थे। भगवान टॉकीज चौराहे से ऑटो में बैठे। एक युवक भी पास में आकर बैठ गया। खंदारी चौराहे पर ऑटो रुकते ही युवक भागने लगा। ऑटो वाले ने किराया देने के लिए आवाज लगाई। युवक नहीं रुका। जब जनक सिंह ने जेब में किराया देने के लिए रुपये निकाले, तो उनके होश उड़ गए। फीस के 75 हजार रुपये जेब में नहीं थे। उन्होंने शोर मचाया। तब तक युवक भाग निकला। उनका कहना है कि मंगलवार को थाना न्यू आगरा में रिपोर्ट दर्ज कराने गए थे। भगवान टॉकीज चौराहे पर शातिर दिखा। उन्होंने उसे पकड़ने का प्रयास किया। तभी उसका एक साथी बाइक से आया और उसे भगा ले गया। थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। थाना न्यू आगरा प्रभारी का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।