आगरालीक्स ….आगरा के यूक्रेन में फंसे 28 छात्रों को जिन क्षेत्रों में रूस का हमला हो रहा है वहां से सुरक्षित निकाल लिया है। लेकिन आगरा की अंजलि पचौरी और भाव्या चौहान खारकीव में फंसी हुई हैं। भारतीय दूतावास ने टवीट कर सभी भारतीय छात्रों को खारकीव छोड़ने के लिए कहा है।
आगरा के छात्र यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। वे रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद फंस गए हैं। डीएम प्रभु एन सिंह का मीडिया से कहना है कि आगरा के 28 छात्रों को यूक्रेन में जिन क्षेत्रों में हमला हो रहा है वहां से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। ये छात्र यूक्रेन के पड़ोसी देश हंगरी, पौलेंड, रोमानिया, स्लोवकिया में हैं इन्हें भारत लाने के प्रयास चल रहे हैं।
अंजलि पचौरी और भाव्या खारकीव में फंसी
आगरा के सिकंदरा निवासी अंजलि पचौरी खारकीव में फंसी हुई है, वे अभी बाहर नहीं निकल पाई हैं। वहीं, आगरा के शमसाबाद रोड निवासी डीएस चौहान की बेटी भाव्या चौहान भी खारकीव में हैं, वह भी बाहर नहीं निकल पाई है।
नौ छात्र आगरा लौटे
रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से आगरा के नौ छात्र वापस लौट आए हैं। इन छात्रों के परिजन खुश हैं और यूक्रेन के हालात देखकर अपने बच्चों के घर वापस आने से निश्चिंत हो गए हैं।