आगरालीक्स…दुखद खबर, आगरा में 4 साल की बच्ची 70 फीट गहरे कुएं में गिरी. चार घंटे रेस्क्यू के बाद बच्ची को बाहर निकाला. अस्पताल में मौत
आगरा के जैतपुर के गोपालपुरा गांव में दुखद घटना घटित हुई है. यहां खेलते समय एक चार साल की बच्ची 70 फीट गहरे कुएं में गिर गई. स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने चार घंटे तक चले आपरेशन के बाद बच्ची को बाहर निकाला. लेकिन अस्पताल में बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया.बताया जाता है कि बच्ची फिरोजाबाद की रहने वाली थी और अपने ननिहाल यहां आई हुई थी. गांव में वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी कि तभी अचानक वह यहां मौजूद 70 फीट गहरे कुएं में गिर गई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बाद में भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. लगभग चार घंटे तक रेस्क्यू आपरेशन चला और इसके बाद बच्ची को कुएं से निकाला गया. रेस्क्यू टीम को कुएं में गैस होने के कारण काफी परेशानी हुई.
कुएं से निकालने के बाद बच्ची कोे तुरंत सीएचसी ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक लहर दौड़ गई.