आगरालीक्स…आगरा में एक और युवक यमुना में डूबा. आज सुबह 24 घंटे बाद मिला उसका शव…तीन महीने पहले हुई थी शादी, बेसुध हुई पत्नी..
आगरा के एक और युवक की यमुना नदी में डूबने से मौत हुई है. किरावली का रहने वाला यह युवक रैपुरा घाट पर यमुना नदी में नहाने के लिए गया था तभी वह नदी में डूब गया. आज सुबह करीब 24 घंटे बाद उसका शव नदी में मिला. युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है. पत्नी बेसुध हो गई है.

गांव साधन का रहने वाला 27 वर्षीय रवि पुत्र पूरन सिंह रैपुरा घाट के पास यमुना नदी पर बन रहे पुल निर्माण में मजदूरी का काम करता था. शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे यमुना नदी में नहाने के लिए चला गया. तभी अचानक नदी में वह डूब गया. साथी मजदूरों ने उसे डूबता देख यमुना में छलांग लगा दी लेकिन उसे बचा नहीं सके. इधर सूचना पर पुलिस द्वारा स्टीमर से उसकी खोजबीन की गई. आज सुबह करीब 10 बजे कीठम झील के पास यमुना नदी में उसका शव उतराते हुए मिला.
परिजनों ने शव की पहचान की. युवक की मौत से परिवार के लोगों का रो—रोकर बुरा हाल है. सबसे बुरा हाल उसकी पत्नी का है और वह बेसुध हो गई है. तीन महीने पहले ही उसकी रवि से शादी हुई थी. युवक की मौत से गांव में शोक की लहर फैल गई है.