अयोध्यालीक्स… अयोध्या के भव्य राम मंदिर में श्रद्धालु रोजाना आसानी के साथ दर्शन कर सकेगे। राम मंदिर ट्रस्ट खुशखबरी लेकर आया।

रोजाना दर्शन को जारी होंगे अनुमति पत्र
अयोध्या के संत-महात्मा और नागरिक रोजाना राम मंदिर में जाकर दर्शन करना चाहते हैं, उनके लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अनुमति पत्र जारी कर रहा है। इसके जरिए रोजाना राम मंदिर के डी-1 द्वार से प्रवेश करके आसानी से दर्शन किए जा सकेंगे।
नित्य दर्शन के लिए आवेदन करना होगा
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने एक्स पर लिखा है कि अयोध्या के संत महात्मा और नागरिक, जो श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के नित्य दर्शन करना चाहते हैं, वे राम कचहरी आश्रम, स्थित ट्रस्ट कार्यालय या रामपथ पर तीर्थ यात्री सेवा केंद्र में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है।
मोबाइल फोन, पूजा सामग्री नहीं ले जा सकेंगे
अनुमति पत्र प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक प्राप्त किया जा सकता है। नित्य दर्शन के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य रहेगा। मोबाइल फोन, पूजा सामग्री, प्रसाद आदि लेकर प्रवेश नहीं होगा। जिनके पास अनुमति पत्र है, वे डी-1 द्वार से ही प्रवेश कर सकते हैं।