आगरालीक्स… आगरा में बसंत पंचमी से सहालग शुरू हो जाएंगे। बाजारों खरीदारी, बुकिंग शुरू हो गई है हालांकि सहालग की तेज खरीदारी और रौनक अप्रैल में ही तेज होगी क्योंकि फरवरी मार्च में विवाह मुहूर्त काफी कम हैं। मैरिज होम, बैंड-बाजा, कैटर्स की बुकिंग ने अभी ज्यादा जोर नहीं पकड़ा है।
अप्रैल से ज्यादा जोर पकड़ेगा बाजार
सहालग का सीजन शुरू होने का असर मिट्टी से लेकर सोने तक पड़ता है और इसका हर व्यवसाय को लाभ मिलता है। इस वर्ष पांच अनबूझे और 55 मुहूर्त विवाह के लिए बन रहे हैं लेकिन फरवरी माह में एक अनबूझा सहालग बसंत पंचमी का ही है इसके बाद मुहूर्त नहीं है। इसके कारण बाजार में शादी समारोह को लेकर खरीदारी आदि तो हो रही है लेकिन सहालग जैसी रौनक अभी नहीं आई है।
बैंड की बुकिंग अभी कम
इस बारे में आगरा बैंड एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर शर्मा और उनके पुत्र रिक्की शर्मा ने आगरलीक्स को बताया कि फरवरी में एक बसंत पंचमी के मुहूर्त होने के अलावा दो महीने तक कोई मुहूर्त नहीं है इसके कारण बैंड की बुकिंग कम है लेकिन अप्रैल और मई में कई मुहूर्त होने के कारण इसमें तेजी आएगी। अभी बहुत ज्याद बुकिंग नहीं आ रही हैं।
शादी समारोह के लिए नये मीनू तैयार
भगत कैटर्स के संचालक यश भगत ने बताया कि सहालग के लिए उनके यहां कई बुकिंग हुई हैं। शादी समारोह के लिए कई तरह के मीनू तैयार किए गए हैं।
बाजार में आ रही है रौनक
कक्कड़ ज्वैलर्स के संचालक परम कक्कड़ के मुताबिक बाजार में खरीदारी अभी सहालग जैसी शुरू नहीं हुई है लेकिन फिर भी बेहतर इसके रिजल्ट आ रहे हैं। बाजारों में शीघ्र ही अच्छा महौल आने की उम्मीद है। सोने चांदी से आयात शुल्क कम होने पर अप्रैल माह से खुदरा खरीदारों को औऱ फायदा मिल सकेगा।
सहालग आने पर तेजी पकड़ेगा व्यापार
दूल्हा-दुल्हन के मेकअप के लिए ब्यूटी पार्लर संचालकों के पास अभी कम बुकिंग हुई है। सूर्यनगर स्थित ब्यूटी पार्लर के संचालक रोहित माहेश्वरी ने बताया कि गत नवंबर और दिसंबर माह में सहालग ठीक रहा था, जिससे बुकिंग हुई थी। अभी बाजार तेजी पकड़ेगा इस माह सिर्फ एक साया बसंत पंचमी का पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके यहां दुल्हन को तैयार करने की रेंज पांच हजार रुपये से शुरू होती है।
फोटो-वीडियोग्राफी की बुकिंग भी कम
संजय प्लेस कल्पनिधि टावर स्थित फ्रेंड्स वीडियो एडं फोटोग्राफर स्टूडियो के संचालक सुरेश बसंल के मुताबिक अभी फरवरी और मार्च में दो सहालग 16 फरवरी और 15 मार्च के हैं। इसके बीच में कोई सहालग नहीं है। कुछ बुकिंग आई हैं। बाजार में अभी जोर नहीं पकड़ा है।