आगरालीक्स…(Agra News 1st November) आगरा के डॉक्टर दंपती के बेटे समर्थ प्रकाश की नीट यूजी में 30 वीं रैंक आई है। एमबीबीएस में एम्स, दिल्ली में लेना चाहते हैं प्रवेश।
नीट यूजी 2021 का रिजल्ट सोमवार शाम को जारी कर दिया गया। इसमें आगरा के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर प्रकाश और अल्ट्रासोनोलाजिस्ट डॉ. रुचि प्रकाश निवासी जवाहर नगर के बेटे समर्थ प्रकाश की 30 वीं रैंक आई है।

कोविड से तैयारी में मिली मदद
समर्थ प्रकाश ने बताया कि कोविड के कारण से पढ़ाई पूरी तरह से बदल गयी, लेकिन इसका उनकी तैयारी पर अच्छा प्रभाव रहा। परिवार का साथ मिला और खुद पर विश्वास और मजबूत हुआ। समर्थ ने दसवीं डीपीएस आगरा से 96.4 प्रतिशत अंकों के साथ और 12वीं एसएसएवी किरावली से 94 प्रतिशत अंकों के साथ उर्त्तीण की। समर्थ के अनुसार उन्होंने नियमित पांच से छह घंटे पढ़ाई की। उनका कहना है कि नीट का पूरा पेपर एनसीईआरटी बेस्ड होता है। ऐसे में उसे पढ़े बिना आप सफल नहीं हो सकते हैं।
दादा जी से मिली प्रेरणा, एम्स दिल्ली से करना चाहते हैं एमबीबीएस
समर्थ प्रकाश का कहना है कि दादा स्वर्गीय डॉ. जेसी गुप्ता से प्रेरणा मिली, डॉक्टर बनकर लोगों की मदद करना चाहते हैं। उनका एम्स दिल्ली से एमबीबीएस करने का सपना पूरा हो सकता है। इसके साथ ही एसएनएमसी भी उनकी सूची में हैं। समर्थ की बहन आस्था 12 वीं कक्षा में हैं।