आगरालीक्स…. आगरा के एक ही परिवार के 5 लोगों की बस के बनास नदी में गिरने से मौत हो गई, ये सभी बाबा के आश्रम जा रहे थे, आक्रोशित लोगों ने बाबा की तस्वीर फेंक दी, राजस्थान के सवाई माधोपुर में बाबा बीमारियों के इलाज के लिए राख देते थे, इसे लेने के लिए आगरा के शमसाबाद के लहरा का पुरा के एक ही परिवार के लोग जा रहे थे। हादसे में 33 लोगों की मौत हुई है।
शनिवार को राजस्थान के सवाई माधोपुर जा रही बस बनास नदी में गिर गई, हादसे में 33 लोगों की मौत हो गई, हादसे में आगरा के शमसाबाद के गांव लहरा का पुरा के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हुई है। ये सभी बाबा सीयाराम के आश्रम से बीमारियों की दवा लेने जा रहे थे। रविवार सुबह गांव में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। हादसे में गुडडी देवी पत्नी पप्पू, उनकी पुत्रवधु लक्ष्मी, पोती कल्पना, अंशू और भतीजी तनू की मौत हुई है।
बाबा की तस्वीर फेंकी
हादसे में पांच लोगों की मौत से आक्रोशित लोगों ने बाबा सीयाराम के पोस्टर फेंक दिए। ग्रामीणों ने बताया कि बाबा इलाज के लिए राख देते थे। इस राख से बीमारियों के इलाज का दावा किया जाता था।
पत्नी और दोनों बेटियों की मौत
हादसे में चंद्रप्रकाश की पत्नी लक्ष्मी और दोनों बेटियों की मौत हो गई, उनके परिवार में कोई नहीं बचा है। हादसे की जानकारी होते ही आस पास के गांव के लोग पहुंच गए हैं। गांव में कोहराम मचा हुआ है।