आगरालीक्स ..आगरा में 24 घंटे बाद स्कूल खुल जाएंगे, आप अपने बच्चे को स्कूल नहीं भेजना चाहते हैं तो क्या होगी व्यवस्था, किन्हें जाना है स्कूल, पूरी खबर।
आगरा में 19 अक्टूबर से 10 वीं और 12 वीं के छात्रों के लिए स्कूल खुल रहे हैं। स्कूल में छात्रों की संख्या अधिक होने पर दो पालियों में कक्षाएं लगेंगी। छात्र छात्राएं मास्क पहनकर और अपने साथ सैनेटाइजर लेकर जाएंगे। स्कूल के प्रवेश द्वार पर थर्मल स्क्रीनिंग होगी, तापमान अधिक होने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
3 घंटे चलेंगी कक्षाएं
अभी स्कूलों में 10 वीं और 12 वीं के छात्रों के लिए तीन घंटे ही स्कूल खुलेगा। छात्र छात्राओं को कक्षाओं में सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए बिठाया जाएगा। लंच ब्रेक नहीं होगा।
छुटटी होने पर छात्र एक साथ नहीं निकलेंगे बाहर
स्कूलों की छुटटी होने पर छात्र छात्राएं एक साथ बाहर नहीं निकलेंगे, इन्हें एक एक कर बाहर निकाला जाएगा।
अभिभावकों की अनुमति पर ही स्कूल में प्रवेश
19 अक्टूबर से स्कूल खुल जाएंगे लेकिन उन्हीं छात्रों को स्कूल में प्रवेश दिया जाएगा, जिनके अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने की लिखित अनुमति दे चुके हैं।
आनलाइन कक्षाएं भी चलेंगी
अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने की अनुमति नहीं देते हैं तो स्कूल को ऐसे छात्रों के लिए आनलाइन कक्षाएं चलानी होंगी। इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रायोगिक परीक्षा, गणित विषय की स्कूल में पढाई कराने की प्राथमिकता दी जाएगी।