आगरालीक्स ..( Agra news 4th April ) ...आगरा में कोरोना की दूसरी लहर आने के बाद सख्ती, बिना मास्क के मिलने पर शोरूम और दुकान 48 घंटे के लिए करा दी जाएंगी बंद। डीएम प्रभु एन सिंह ने 45 से अधिक उम्र के दुकानदारों के लिए वैक्सीन लगवाना अनिवार्य कर दिया है।
कोरोना के केस लगातार बढ रहे हैं। बीते 48 घंटे में कोरोना के 117 नए केस आ चुके हैं। कोरोना के सक्रिय केस की संख्या बढकर 231 पहुंच गई है। नए केस बढने के बाद जिला प्रशासन भी सख्ती के मूड में आ गया है।
मास्क न पहनने पर 48 घंटे के लिए दुकान कराई जाएंगी बंद
डीएम प्रभु एन सिंह ने कोरोना के नए केस की रोकथाम के लिए आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कहा गया है कि दुकान, शोरूम संचालक और काम करने वाले कर्मचारी मास्क नहीं पहनेंगे तो दुकान और शोरूम 48 घंटे के लिए बंद करा दिए जाएंगे। इसके लिए नियमित अभियान चलाया जाएगा।
45 से अधिक उम्र के दुकानदारों के लिए वैक्सीन अनिवार्य
इसके साथ ही 45 से अधिक उम्र के दुकानदारों के लिए वैक्सीन अनिवार्य कर दी गई है। दुकानदारों को वैक्सीन लगवानी होगी, इसके लिए अभियान भी चलाया जाएगा, 45 से ज्यादा उम्र के दुकानदार वैक्सीन नहीं लगवाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।