आगरालीक्स… मैनपुरी लोकसभासीट पर उपचुनाव के लिए अखिलेश यादव ने बड़ा दांव खेला है। स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शिवपाल यादव का भी नाम शामिल किया है।

चुनाव आयोग को भेजी गई सूची में नाम शामिल
समाजवादी पार्टी द्वारा चुनाव आयोग को भेजी गई लिस्ट में 40 लोगों का नाम है। सबसे ऊपर अखिलेश यादव और सातवें नंबर पर शिवपाल यादव हैं। इससे पहले रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में शिवपाल को प्रचारकों की लिस्ट से बाहर रखा गया था।
शिवपाल के करीबी रह चुके हैं भाजपा के प्रत्याशी
मैनपुरी में अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिंपल को प्रत्याशी बनाया है। डिंपल ने सोमवार को ही नामांकन दाखिल कर दिया है। डिंपल के सामने भाजपा ने रघुराज शाक्य को उतारा है। रघुराज शाक्य कभी शिवपाल के बेहद करीबी माने जाते थे। सपा के टिकट पर सांसद और विधायक रहे रघुराज शाक्य भी उस समय सपा से अलग हुए थे जब शिवपाल ने नाता तोड़ा था। इसी साल रघुराज ने भाजपा ज्वाइन की थी।
शिवपाल के समर्थकों के डिंपल संग जुड़ने की उम्मीद
ऐसे में शिवपाल को स्टार प्रचारक बनाने के पीछे भाजपा के दांव को काटने की रणनीति भी मानी जा रही है। रघुराज शाक्य के मैदान में आने से शिवपाल के समर्थकों का उनकी तरफ झुकाव होने की बात कही जा रही थी। अब शिवपाल के स्टार प्रचारक बनने से शिवपाल समर्थक डिंपल के साथ जुड़े रह सकते हैं।