आगरालीक्स ..आगरा में लॉकडाउन के बाद से बंद चल रही जूता हाट आज 28 अगस्त को लगेगी.
चक्कीपाट में लगने जा रही जूता हाट में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा जाएगा। हाट से जूता कारोबारी जूता तैयार करने के लिए सस्ती फिनिश्ड लेदर की कटिंग, लाइनिंग, अस्तर, कपड़ा, औजार, फर्मा, सिंथेटिक, सैलूसन, अडेसिव खरीद कर ले जाते हैं।
चक्कीपाट की 500 वर्ष पुरानी लेदर हाट है, यह सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को लगती है लेकिन हाट 20 मार्च के बाद से बंद है। जिला उद्योग बंधु की बैठक में मुद्दा उठने और समाज कल्याण राज्य मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने इस मामले को संज्ञान में लिया और शुक्रवार को पहली हाट लगने जा रही है। जूता दस्तकार फेडरेशन के अध्यक्ष भरत सिंह पिप्पल का मीडिया से कहना है कि सफाई व भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस से सहयोग मांगा गया है। केवल शुक्रवार को ही हाट लगा करेगी।