आगरालीक्स.. आगरा के सिपाही देवेंद्र सिंह को अंतिम सलामी दी गई, शराब माफिया को पकडने गए देवेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी, देवेंद्र की दो बेटी हैं, छोटी बेटी तीन महीने की है।
नौ फरवरी 2021 मंगलवार को कासगंज से 45 किलोमीटर दूर सिढपुरा थाने के गांव धीमर में बाइक से दरोगा अशोक कुमार सिंह और सिपाही देवेंद्र सिंह शराब माफिया मोतीराम कुर्की का नोटिस चस्पा करने के लिए पहुंचे थे। शराब माफिया के लोगों ने दोनों को घेर लिया, खेत में पेड से बांधकर दरोगा अशोक कुमार सिंह और देवेंद्र के कपडे उतराने के बाद लाठी डंडों से पीटा, सिपाही आगरा के डौकी क्षेत्र निवासी देवेंद्र सिंह की मौत हो गई। दरोगा अशोक कुमार सिंह का इलाज मेडिकल कालेज अलीगढ में चल रहा है।
शराब माफिया का भाई पुलिस मुठभेड में ढेर
कई थानों का पुलिस फोर्स पहुंच गया। बुधवार सुबह शराब माफिया मोतीराम के भाई एलकार से पुलिस की मुठभेड हुई, एलकार मुठभेड में ढेर हो गया। पुलिस उसके भाई मोतीराम की तलाश में दबिश दे रही है।
2016 में हुई थी देवेंद्र की शादी, दो बेटी
देवेंद्र जसावत आगरा के डौकी क्षेत्र के गांव बिंदू के रहने वाले हैं, उनके पिता महावीर सिंह किसान हैं। देवेंद्र इकलौते बेटे हैं और एक छोटी बहन है। देवेंद्र की शादी 2016 में चंचल से हुई थी, उनकी दो बेटी हैं। बडी बेटी वैष्णवी तीन साल की है और छोटी बेटी तीन महीने की है।
मई में छोटी बहन की शादी
देवेंद्र ने छोटी बहन की शादी पक्की कर दी थी, मई में छोटी बहन की शादी होनी है।