आगरालीक्स… आगरा के राजा की मंडी मार्केट में चश्मे के रेट को लेकर हुई मारपीट में जूनियर डॉक्टर का सिर फट गया, इंटर्न के कंधे में फ्रेक्चर है। पिटने के बाद मेडिकल छात्रों ने दुकानदारों को पीटा। इसके बाद इमरजेंसी और वार्ड में इलाज ठप कर दिया, मरीजों को निजी अस्पताल में जाने के लिए कह दिया, मरीजों की सांस अटकी हुई है।
शनिवार को राजा की मंडी मार्केट में एसएन के बाल रोग विभाग के जूनियर डॉक्टर सेकेंड ईयर श्रीकांत, एमबीबीएस के बाद इंटर्न कर रहे एमबीबीएस छात्र के साथ राजा की मंडी मार्केट में पहुंचे। यहां उनका चश्मे के रेट को लेकर दुकानदार आमिर से विवाद हो गया। मारपीट में श्रीकांत का सिर पफट गया, इंटर्न के कंधे में चोट आई। वे वहां से चले गए, पांच बाइक पर सात आठ जूनियर डॉक्टर राजा की मंडी मार्केट में पहुंचे और दुकानदारों से मारपीट करने लगे। इस पर दुकानदार लामबंद हो गए, उन्होंने जूनियर डॉक्टरों को दौडा दिया। जूनियर डॉक्टर अपनी बाइक छोड कर भाग गए।
दुकान बंद कराने के बाद तोडफोड
बाइक पर प्लस का चिन्ह था, दुकानदार कुछ समझ पाते तक तब मेडिकल छात्र अपने साथियों को लेकर राजा की मंडी मार्केट में पहुंच गए। उन्होंने दुकानों के आगे रखे सामान को फेंकना शुरू कर दिया, दहशत में आए दुकानदारों ने दुकान बंद कर दी, करीब 10 मिनट तक मेडिकल छात्रों ने राजा की मंडी मार्केट में बवाल किया, पुलिस के पहुंचने के बाद छात्र इमरजेंसी पहुंच गए। इलाज बंद कर दिया, वार्ड से मरीजों को बाहर निकालने लगे। प्राचार्य डॉ सरोज सिंह और बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ राजेश्वर दयाल ने छात्रों को समझाया लेकिन वे आरोपी दुकानदार को अरेस्ट न किए जाने तक मरीजों का इलाज न करने की जिद पर अडे रहे।
वीडियो में दिखाई दे रहे तोडफोड करते मेडिकल छात्र
राजा की मंडी में दुकानदार और मेडिकल छात्रों के बीच हुई मारपीट के वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें छात्र दुकान के बाहर रखे सामान को फेंकते दिखाई दे रहे हैं साथ ही तोडफोड कर रहे हैं। कुछ मेडिकल छात्रों ने चेहरे पर रुमाल बांध रखा है जिससे उनकी पहचान न हो सके।
एप्रिन पहने घूम रहे फर्जी छात्र को धुना
मेडिकल छात्रों ने एसएन के स्त्री रोग विभाग के पास एप्रिन पहनकर घूम रहे एक फर्जी छात्र को पकड लिया। उससे एमबीबीएस के बैच के बारे में पूछने पर वह हडबडा गया, इस पर मेडिकल छात्रों ने उसकी धुनाई लगा दी।
एचओडी ने कैंसर मरीज के तीमारदार को धुना
इस घटना के बाद कैंसर रोग विभाग के एचओडी एके आर्या पर कैंसर मरीज के दिव्यांग तीमारदार ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। तीमारदार ने मारपीट का वीडियो बना लिया, इस पर एचओडी भडक गए, थाना एमएम गेट पुलिस को बुलाकर तीमारदार को पकडवा दिया। थाने में दोनों तरफ से तहरीर दी गई है।