आगरालीक्स…सोशल मीडिया पर रील्स, स्टेटस ने लोगों को अपने वास्तविक लक्ष्य से भटका दिया है. आगरा के लॉयर्स कॉलोनी राधाकृष्ण मंदिर में चल रही कथा में आचार्य नरोत्तम शास्त्री ने बताया जीवन का सही मतलब
लॉयर्स कॉलोनी स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर कथा व्यास आचार्य श्री नरोत्तम शास्त्री जी ने भागवत माहात्म्य, मानव जीवन के उद्देश्य एवं समय के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के युग में मनुष्य के पास जानकारी का अथाह भंडार है, लेकिन जीवन को सही दिशा देने वाले मूल्यों और आत्मचिंतन का अभाव बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि सुविधाएं बढ़ने के बावजूद मनुष्य मानसिक शांति और संतोष से दूर होता जा रहा है। आचार्य श्री ने राजा परीक्षित के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि जब मनुष्य को जीवन की अनिश्चितता और समय के मूल्य का बोध होता है, तभी उसके भीतर सत्य और आत्मकल्याण की खोज प्रारंभ होती है। उन्होंने कहा कि भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला दिव्य मार्गदर्शक है, जो व्यक्ति को भौतिक उपलब्धियों के साथ-साथ आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग भी दिखाती है।
कथाव्यास ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया, प्रतिस्पर्धा और भौतिक सफलता की दौड़ ने लोगों का ध्यान अपने वास्तविक स्वरूप और जीवन के उद्देश्य से भटका दिया है। भागवत कथा हमें यह संदेश देती है कि केवल सफल जीवन नहीं, बल्कि सार्थक जीवन जीना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ चरित्र, सकारात्मक विचार और ईश्वर के प्रति श्रद्धा ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण किया तथा भगवान के नाम संकीर्तन में सहभागिता कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति प्राप्त की।