आगरालीक्स… आगरा के नए एसएसपी जोगेंद्र सिंह ने चार्ज लेने से पहले सादा कपडों में प्राइवेट गाडी से शहर का जायजा लिया, नो एंट्री में बस मिलने पर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, उसके खिलाफ साक्ष्य मिलने पर मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह आगरा के नए एसएसपी जोगेंद्र सिंह प्राइवेट गाडी से सादा कपडों में शहर का जायजा लेने निकले, उन्हें एमजी रोड पर नो एंट्री में बसें खडी मिली, उन्होंने यातायात उप निरीक्षक के खिलाफ सीओ ट्रैफिक को जांच के निर्देश दिए हैं।
यातायात व्यवस्था प्राथमिकता, भ्रष्टाचार पर होगी कार्रवाई

सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता में एसएसपी जोगेंद्र सिंह ने कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था प्राथमिकता में रहेगा, अच्छी छवि वाले ही थानाध्यक्ष रहेंगे। वही अधिकारी रहेगा जो काम करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, उसके खिलाफ साक्ष्य मिलने पर मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा जाएगा। अन्य विभागों में भी भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर उनको भी विजिलेंस और एंटी करप्शन विभागों के द्वारा रंगे हाथों गिरफ्तार कराया जाएगा। खनन माफिया और शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी खराब मिलने पर देना होगा जवाब
सीसीटीवी कैमरे खराब मिले तो थानाध्यक्ष और सीओ जिम्मेदार होंगे। सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर सात दिन तक सुरक्षित रखी जाएगी।
2007 बैच के आईपीएस हैं जोगेंद्र सिंह
एसएसपी अयोध्या जोगेंद्र सिंह को एसएसपी आगरा बनाया गया है। वे 2007 बैच के आईपीएस हैं, मूलरूप से बाडमेर, राजस्थान के रहने वाले जोगेंदर कुमार पीजी करने के बाद 2006 तक शिक्षक रहे हैं, उनका 2007 में आईपीएस में चयन हुआ। वे आगरा में ट्रेनी आईपीएस रह चुके हैं।