आगरालीक्स… आगरा में आपके रिश्तेदार घूमने आ रहे हैं, वे ताजमहल देखना चाहते हैं तो ताजमहल में प्रवेश का नया नियम जान लें। अब ताजमहल में तीन घंटे की रुक सकते हैं, पर्यटकों को मैग्नेटिक कॉइन दिया जा रहा है, इस कॉइन से टर्न स्टाइल गेट से पर्यटक ताजमहल में प्रवेश कर सकते हैं।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने ताजमहल पर भीड़ प्रबंधन के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं। इसके तहत ताजमहल के प्रवेश द्वार पर टर्न स्टाइल गेट लगाए गए हैं। मंगलवार से ये गेट शुरू हो गए, पर्यटकों को टिकट खरीदने पर मैग्नेटिक कॉइन दिया जा रहा है, इस मैग्नेटिक कॉइन को टर्न स्टाइल गेट पर स्कैन किया जा रहा है। इसे स्कैन करने के बाद ताजमहल में प्रवेश मिल रहा है, इसके साथ दी जा रही टिकट को दिखाने पर मुख्य मकबरे में प्रवेश मिल रहा है। लौटते समय भी एग्जिट गेट पर क्वॉइन को स्कैन किया जा रहा है। क्वॉइन स्कैन होने के बाद ही गेट खुलता है।
तीन घंटे से ज्यादा रुकने पर नहीं खुलेगा गेट
नई व्यवस्था के तहत ताजमहल में पर्यटक तीन घंटे की रुक सकेंगे, पर्यटक तीन घंटे से अधिक समय तक स्मारक में रुकेगा तो क्वॉइन स्कैन करने पर एग्जिट गेट नहीं खुलेगा। पर्यटकों को दोबारा रीचार्ज कराना होगा। इसके लिए एएसआइ ने पूर्वी व पश्चिमी दोनों गेटोंं पर एग्जिट गेट के पास रीचार्ज काउंटर बनाए हैं। यहां से पर्यटक मैग्नेटिक क्वॉइन को दोबारा रीचार्ज करा सकते हैं। अधीक्षण पुरातत्वविद वसंत कुमार स्वर्णकार का कहना है कि मंगलवार सुबह से मैग्नेटिक क्वॉइन पर्यटकों को दिए गए हैं। दो दिन तक परीक्षण के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा।