आगरालीक्स…आगरा के बाजारों में मास्क न पहनने पर पुलिस और प्रशासन का स्टिंग. नौ दुकानें 24 घंटे के लिए कराई बंद. दोबारा मास्क न पहनने पर एक महीने बंद की चेतावनी.
मास्क न पहनने पर सख्ती
आगरा में पुलिस ने मास्क न पहनने वालों पर सख्ती बरतना शुरू कर दिया है. पुलिस और प्रशासन की टीमें मिलकर मास्क न पहनने लोगों व बाजारों में कार्रवाई कर रही हैं. इसके लिए डीएम पीएन सिंह और एसएसपी मुनिराज जी द्वारा खुद जाकर कार्रवाई की जा रही है. शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन ने बाजारों में दुकानदारों द्वारा मास्क न पहनने पर अपने ही अंदाज में स्टिंग किया.


पहले कराए फोटो फिर कराई दुकानें बंद
शुक्रवार को डीएम और एसएसपी ने स्टिंग को अंजाम देने के लिए सबसे पहले अपने ही एक टीम के सदस्य को न्यू आगरा बाजार में भेजा. टीम के मेंबर ने बाजार में पहुंचकर दुकानों पर बिना मास्क के बेटे दुकानदारों के चुपचाप फोटो भी खींच लिए. करीब एक घंटे बाद डीएम पीएन सिंह, एसएसपी मुनिराज जी, एसपी सिटी रोहन पी बोत्रे और थाना प्रभारी न्यू आगरा बाजार में एक साथ गए. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बाजार में देखकर दुकानदारों में हड़कंप मच और उन्होंने तुरंत ही मास्क पहन लिया लेकिन टीम ने फोटो के आधार पर बाजार में तुरंत ही दुकानदारों द्वारा मास्क न पहनने पर नौ दुकानों को 24 घंटे के लिए बंद करा दिया. यही नहीं अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि मास्क जरूर पहनें अगर अबकी बार बिना मास्क के दिखाई दिए तो दुकानें एक महीने के लिए बंद करा दी जाएंगी.


टीम की कार्रवाई से बाजार में हड़कंप
अधिकारियों द्वारा न्यू आगरा में नौ दुकानों को मास्क न पहनने पर बंद कराने की कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया. दुकानदारों ने तुरंत ही मास्क पहन लिया और अपने सभी कर्मचारियों को भी मास्क पहनने को कहा.

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मास्क न पहनने पर न्यू आगरा में नौ दुकानें बंद कराने की कार्रवाई शहर के और बाजारों में भी जारी रहेगी. टीम द्वारा इसी तरह कार्रवाई को अंजाम दिया जा सकता है.