आगरालीक्स…(17 October 2021 Agra News) संडे बना शॉपिंग डे. बाजारों में दिखी त्योहारी रौनक. करवाचौथ और दिवाली के नये स्टॉक के साथ सजे मार्केट्स. रेस्टोरेंट और मॉल्स भी हुए गुलजार….
आगरा में संडे को बाजार रहे गुलजार
करवा चौथ का त्यौहार नजदीक आते ही बाजार में चहल पहल बढ़ गई है. त्यौहार पर व्रत रख पति की दीर्घायु की कामना करने से पहले महिलाएं जमकर खरीदारी कर रही हैं. यही नहीं ब्यूटी पार्लर से लेकर अपने सजने-संवरने को कॉस्मेटिक्स का आइटम जमकर खरीदने बाजार पहुंच रही हैं. आगामी 24 अक्टूबर को करवा चौथ का त्यौहार मनाया जाएगा. महिलाओं की भीड़ से बाजार गुलजार हो गए हैं। आज संडे होने के कारण बाजारों में बहुत अच्छी भीड़ दिखाई दी. इधर मौसम भी सुहाना था जिसके कारण लोग खरीदारी करने के लिए बाजार निकले.
करवाचौथ की तैयारियों में जुटी महिलाएं
बता दें कि यह त्योहार महिलाओं के सजने-संवरने का है. महिलाएं सुंदर दिखने के लिए शृंगार की तैयारी में जुट गई है. बाजार में महिलाओं के साज-सज्जा के लिए जगह-जगह दुकानें लग गई हैं. बाजारों में कपड़ों से लेकर महिलाओं की जरूरत का सभी सामान उपलब्ध है. बाजारों में नया स्टॉक आ गया है. साड़ियों से लेकर लहंगा ओढ़नी और सलवार सूट की खासी डिमांड है. इनकी एक से बढ़कर एक वैरायटी और रेंज मार्केट में उपलब्ध है.
रेस्टोरेंट्स और मॉल्स भी रहे फुल
इधर संडे को मौसम सुहाना और छुट्टी होने का असर शहर के मार्केट्स के साथ ही रेस्टोरेंट्स, कैफे और मॉल्स भी फुल रहे. लोग फैमिली व दोस्तों के साथ एंज्वॉय करते हुए नजर आए.