आगरालीक्स …आगरा के सिटी डेवलेपमेंट प्लान के लिए सर्वे शुरू हो गया है। आगरा में मार्च अंत तक चौपाटी शुरू हो जाएगी।
आगरा सहित 14 शहरों में प्रदेश सरकार के आदेश पर सिटी डेवलेपमेंट प्लान तैयार किया जा रहा है। इसमें पर्यटन को बढ़ावा देने और हैरिटेज व्यू को पर्यटकों के लिए आकर्षित बनाया जाएगा। यमुना किनारा रोड पर ओपन एरिया डेवलेप किया जाएगा, जहां से पर्यटन ताजमहल, आगरा किला सहित ऐतिहासिक धरोहरों को निहार सकें और यमुना किनारे समय व्यतीत करें।

सर्वे हुआ शुरू
आगरा सिटी डेवलेपमेंट प्लान के लिए एडीए ने मेनहार्ट कंपनी के साथ मिलकर सर्वे किया। एडीए उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देशन में टीम ने जोंस मिल, खाटू श्याम मंदिर, यमुना किनारा, जीवनी मंडी रोड का सर्वे किया। यमुना किनारा रोड को किस तरह से पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाया जाए जिससे वे ताजमहल को बैठकर निहार सकें। इसके साथ ही जीवनी मंडी रोड और जोंस मिल क्षेत्र को भी डेवलेप किया जाएगा। अलग अलग क्षेत्रों में सिटी डेवलेपमेंट प्लान के लिए ओपन एरिया चिन्हित किया जा रहा है।
31 मार्च तक चौपाटी का काम होना है पूरा
ताजगंज क्षेत्र में एडीए द्वारा चौपाटी विकसित की जा रही है। यहां एक ही जगह पर पर्यटक और शहरवासियों को लजीज व्यंजन मिलेंगे। इसका काम चल रहा है। एडीए उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने बैठक कर चौपाटी का काम 31 मार्च तक पूरा करने के आदेश दिए हैं।