Taj Mahal & Agra Fort open from 6th July if not in containment zone
आगरालीक्स… आगरा में ताजमहल, आगरा किला छह जुलाई से खुलेंगे या नहीं, यह कंटेनमेंटन जोन से निर्धारित होगा। नियम भी सख्त होंगे, जान लें नियम
आगरा में ताजमहल, आगरा किला सहित 14 स्मारक 17 मार्च की सुबह से बंद हैं। संस्कृति मंत्रालय द्वारा आठ जून से प्रार्थना व पूजा करने के लिए देशभर के 820 स्मारकों को खोलने का निर्णय लिया गया, मगर, ताजमहल, आगरा किला आगरा के 14 स्मारकों के कंटेनमेंट जोन में होने के कारण जिला प्रशासन द्वारा खोलने की अनुमति नहीं दी थी। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के टवीट के बाद एएसआइ मुख्यालय, दिल्ली के पीआरओ मनु शर्मा का मीडिया से कहना है कि 6 से सभी स्मारक खोले जाएंगे। इसके लिए एसओपी जारी की गई है। इसमें पर्यटकों के लिए वही स्मारक खुलेंगे जो कि कंटेनमेंट जोन में नहीं होंगे।
ये है नियम
-स्मारकों में गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के साथ राज्य व जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना होगा।
-स्मारकों में प्रवेश केवल ई-टिकट से मिलेगा। पार्किंग समेत सभी भुगतान डिजिटल पेमेंट से करने होंगे।
-पर्यटकों को शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। उनके लिए मास्क और फेस कवर लगाना अनिवार्य होगा।
-पर्यटकों को स्मारकों में प्रवेश देने से पूर्व थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। बिना लक्षण वाले पर्यटक ही प्रवेश पा सकेंगे।
-स्मारकों में प्रवेश, निकास और परिसर में भ्रमण को निर्धारित रूट बनाया जाएगा। यह रूट वनवे होगा।
-एएसआइ किसी भी स्मारक के आंतरिक भाग में प्रवेश रोक सकेगा।
-पर्यटकों को स्मारक में निर्धारित समय सीमा का पालन करना हाेगा। कर्मचारी सुनिश्चित करेंगे कि स्मारक में कहीं भीड़ एकत्र नहीं हो।
-स्मारक में ग्रुप फोटोग्राफी अनुमन्य नहीं होगी।
-अग्रिम आदेश तक स्मारक में साउंड एंड लाइट शो नहीं होंगे।
-वैध लाइसेंस धारक गाइड और फोटोग्राफर स्मारकों में काम कर सकेंगे।
दो पालियों में मिलेगा प्रवेश
ताजमहल में दो पालियों के लिए पर्यटकों की संख्या 2500-2500 तय की गई है। इसी तरह आगरा किला के लिए पहली पाली में 1200 और दूसरी पाली में 1300 और फतेहपुर सीकरी में यह संख्या 1000-1000 तय की गई है। टिकट वाले अन्य स्मारकों में यह संख्या 1000-1000 रहेगी।