आगरालीक्स… ताजमहोत्सव मार्च में होगा, अभी कार्यक्रम स्थल का चयन और तिथि निर्धारित नहीं की गई है। कमिश्नर चंद्रकांत ने सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में बताया कि फरवरी में प्रदेश के प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासन मार्च में आयोजन कराने की तैयारी में हैं। हालांकि ये चुनाव की तिथियां तय होने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। महोत्सव के स्थल के लिए चयन समिति का भी गठन कर दिया गया है। इस बार स्टाल की दरों में 10 फीसदी बढ़ोत्तरी होगी। वहीं पांच से 12 साल के बच्चों की टिकट 10 रुपये कर दी गई है।
शिल्पग्राम में ताज ओरिएंयेशन सेंटर का काम चलने के कारण नए स्थल के चयन के लिए एक कमेटी का भी गठन कर दिया गया। ये कमेटी 15 दिनों के अंदर स्थल चयन कर बताएगी। इस कमेटी में विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, एडीएम सिटी, एसपी सिटी सहित कई अन्य अधिकारियों को रखा गया है।
सुझाव पर तय होगी थीम
महोत्सव की थीम इस बार भी आम लोगों के द्वारा दिए गए सुझाव के आधार पर ही रहेगी। महोत्सव में लगने वाली स्टॉल के दरों में इस बार 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। वहीं पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश टिकट 10 रुपये कर दिया गया है। साथ ही स्कूली यूनीफार्म में 100 लोगों के ग्रुप वाले बच्चों को 500 रुपये में प्रवेश दिया जाएगा। आम लोगों की टिकट दर पिछले साल की तरह 50 रुपये ही रहेगी। बैठक में मंडलायुक्त चंद्रकांत, डीएम गौरव दयाल, एसएसपी डॉ. प्रीतिंदर सिंह, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष राजेश कुमार, नगर आयुक्त इंद्रविक्रम सिंह, प्राधिकरण सचिव राजकुमार, उपनिदेशक पर्यटन दिनेश कुमार मौजूद रहे।
यहां होंगे आयोजन
ताजमहोत्सव आयोजन स्थल के अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सूरसदन, पालीवाल पार्क में भी कराने पर निर्णय किया गया। महानगर के अतिरिक्त फतेहपुर सीकरी में भी एक बड़ा कार्यक्रम आयोजन कराया जायेगा। इस बार यह भी निर्णय लिया गया कि महोत्सव के दौरान सैण्ट जॉन्स, आगरा कालेज सहित विभिन्न स्मारकों पर लाइटिंग कराने की व्यवस्था की जायेगी। ताजमहोत्सव आयोजन में वयस्कों के लिए पुरानी टिकिट दर 50 रूपये को ही रखने तथा 05 से 12 वर्ष के बच्चों का टिकिट मूल्य 10 रूपये करने पर विचार किया गया। ताज महोत्सव के अन्तर्गत स्थापित किये जाने वाले स्टालों की दरें निर्धारित करने, उप समितियों का गठन तथा विभिन्न विभागों से अपेक्षित सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया।
Leave a comment