आगरालीक्स…(16 June 2021 Mathura) नाले में डूबे दो युवक. 12 घंटे बाद मिले दोनों के शव. कल बारिश के बाद अव्यवस्थाओं के उफान में बह गईं थी दोनों जिंदगी.
मंगलवार शाम हो हुई बारिश के बाद उफनते नाले में बह गए थे बाइक सवार
मंगलवार शाम मथुरा में हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम की पोल खोलकर रख दी. अव्यव्सथाओं के उफनते नाले में दो युवक बह गए. दोनों युवकों के शव 12 घंटे बाद मिले. नाले में डूबकर युवकों की मौत के बाद दो घरों में कोहराम मच गया. दिल दहलाने वाली इस घटना पर नगर निगम ने चुप्पी साध ली है. दरअसल, मंगलवार शाम को हुई बारिश से नगर ताल-तलैया में तब्दील हो गया. नगर के गहरे नाले और सड़क सब एक हो गए. जगह-जगह जलभराव के कारण सड़कों ने नदी का रुप ले लिया. शहर के केआर कॉलेज के समीप कैलाश नगर में करीब 12 फीट गहरे नाले में तीन युवक बाइक सहित गिर गए. इनमें एक युवक को तुरंत ही लोगों ने बचा लिया लेकिन दोनों युवक नाले में बह गए. फायर बिग्रेड और पुलिस द्वारा 12 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह दोनों युवकों के शव मिले सके. दोनों मृतको के नाम अरमान पुत्र इशाक खां निवासी जहर खाना सदर बाजार व जतिन खत्री पुत्र प्रेम प्रकाश खत्री 19 वर्ष निवासी जमुना बाग सदर बाजार थे. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
दोनों युवकों की मौत से परिजनों मे कोहराम मचा हुआ है. मृतक जतिन के पिता का कहना है कि नगर निगम की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान चली गई. सवा आठ बजे बाजार से दूध लेकर आने के बाद वह चाय की पत्ती लेने के लिए घर से निकला था. मृ़तक अरमान के भाई आरिफ का कहना है कि घर से करीब छह बजे अपने दोस्तों से मिलने गया था. रात करीब डेढ़ बजे तक अरमान का इंतजार करते रहे. हत्या की आशंका जताते हुए उसने पुलिस से मांग की है कि उसके भाई की मौत का कारण बताया जाए. उसे भाई अरमान की मौत की जानकारी बुधवार सुबह करीब साढे पांच बजे हुई है. इधर एसपी सिटी एमपी सिंह का कहना है कि बारिश के समय मंगलवार देर शाम को तीन युवक नाले में गिर गए थे,। जिनमें से एक को लोगों ने बचा लिया था। बाकी दो को रातभर पुलिस ने नाले में तलाश किया. रात में पुलिस, फायर बिग्रेड और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑॅपरेशन चलाया था. बुधवार सुबह दोनों युवकों के शव मिले हैं. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. दोनों युवक अरमान और जतिन सदर बाजार क्षेत्र के रहने वाले थे.