आगरालीक्स…(3 October 2021 Agra News) अक्टूबर महीने में तापमान कम होना चाहिए, लेकिन आगरा में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है. कूलर—एसी अभी भी चल रहे. जानिए मौसम का अपडेट
कम होने की जगह बढ़ रही गर्मी
आगरा में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. अक्टूबर महीने में यूं तो तापमान कम होना चाहिए लेकिन आगरा में मौसम का कुछ अलग ही रूप देखने को मिल रहा है. बीते एक सप्ताह से आगरा में गर्मी कुछ ज्यादा ही पड़ रही है. सुबह से ही चमकीली और चटकदार धूप निकल आती है. 11 बजे से तो ये लगता है कि धूप में न निकलें तो ज्यादा सही है. धरती इतनी गर्म होती है कि नंगे पांव रखने में पैर जलने लगते हैं. जिन लोगों ने बीते एक सप्ताह पहले हुई बारिश के कारण कूलर और एयरकंडीशन चलाना बंद कर दिया था और पंखे की हवा ही उनको अच्छी लग रही थी, उन्हें अब दोबारा कूलर और एसी का सहारा लेना पड़ रहा है. दोपहर के समय पंखे की हवा काफी गर्म हो जाती है. आगरा का तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है. आगरा एक तरह से देखा जाए तो प्रदेश में सबसे गर्म शहर बना हुआ है. रविवार को आगरा का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
आसमान रहेगा साफ
मौसम विभाग की मानें तो अब आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है. आसमान साफ रहेगा और तापमान लगभग ऐसा ही रहेगा. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले एक सप्ताह तक लोगों को अभी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. इसके बाद तापमान में कमी आएगी और रात को हल्की सर्द का अहसास होगा.