आगरालीक्स…(17 July 2021 Agra News) इस बार नहीं होगी कांवड़ यात्रा. आगरा से सैकड़ों शिवभक्त जाते थे कांवड़ लेने. सावन के चारों सोमवार पर लगने वाला मेला भी…
कांवड़ संघों से बातचीत के बाद लिया फैसला
प्रदेश सरकार द्वारा इस बार भी कांवड़ यात्रा को कैंसिल कर दिया गया है. कांवड़ संघों से बातचीत के बाद प्रदेश सरकार ने ये बड़ा और अहम फैसला लिया है. बता दें कि प्रदेश की योगी सरकार कांवड़ यात्रा निकालना चाहती थी जबकि उत्तराखंड सरकार ने इस यात्रा को पहले ही रद करने की घोषणा कर दी थी. शनिवार को यूपी सरकार ने भी इसे रद करने का ऐलान कर दिया. गौर हो कि पिछले साल कांवड़ संघों ने सरकार के साथ बातचीत के बाद खुद ही यात्रा स्थगित कर दी थी। इस बार भी सरकार ने संघों की सहमति से ही यह फैसला लिया है.
आगरा से सैकड़ों लोग जाते हैं कांवड़ लेने
बता दें कि आगरा से हर साल सैकड़ों शिवभक्त कांवड़ लेने विभिन्न गंगा घाटों पर जाते हैं. लेकिन पिछले दो बार से कोरोना के कारण इस यात्रा को रद किया गया है.
सोमवार के मेले भी हो सकते है कैंसिल
कांवड़ यात्रा रद होने के बाद आगरा में सावन के चारों सोमवारों को लगने वाले मेलों को भी रद किया जा सकता है. बता दें कि आगरा में सावन के चारों सोमवारों को राजपुर चुंगी स्थित राजेश्वर मंदिर, बल्केश्वर स्थित शिव मंदिर, सिकंदरा स्थित कैलाश मंदिर और शाहगंज के पृथ्वीनाथ मंदिर पर मेलों का आयोजन होता रहा है. सावन के दूसरे सोमवार यानी बल्केश्वर मेले के दौरान आगरा में हजारों शिवभक्त चारों शिवालयों की परिक्रमा करते हैं.