आगरालीक्स…बाइक सवार तीन कांवड़ियों को कैंटर ने रौंदा, एक की मौत. दो की हालत गंभीर
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में बाइक सवार तीन कांवड़ियों को कैंटर ने रौंद दिया. हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. इधर हादसे के बाद कैंटर चालक गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया है. पुलिस आवश्यक कार्यवाही कर रही है. एक्सीडेंट हाइवे पर जयपुरिया स्कूल के सामने सोमवार सुबह छह बजे हुआ. खैरगढ़ के गांव नावली में रहने वाले विकास उर्फ पवन शनिवार को गांव के 15 साथियों के साथ घर से कांवड़ लेने के लिए निकला था. सोरों से सभी जल भरकर नगला भोला गांव स्थित शिव मंदिर के लिए निकले थे. सोमवार सुबह पवन और उसके साथ सोनू और राजा एक ही बाइक से आ रहे थे. तभी पीछे से आए एक कैंटर ने इनकी बाइक को चपेट में लेकर टक्कर मार दी. हादसे में तीनों जमीन पर गिर पड़े. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भेजा. पवन की हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर किया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है.