आगरालीक्स… आगरा में 24 घंटे के अंदर तूफान की आशंका है, आठ मई को आगरा में तूफान की आशंका पर स्कूलों की छुटटी कर दी है। कक्षा 12 तक के सरकारी और निजी स्कूल आठ मई को बंद रहेंगे।
आगरा में 11 अप्रैल और दो मई को आए तूफान में 70 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, अभी आठ मई तक अलर्ट है। तापमान बढने से राजस्थान विक्षोभ के चलते आगरा में दोबारा तूफान आ सकता है। पिछले दो बार तूफान की स्पीड 130 और 132 किलोमीटर प्रति घंटा रही है, इससे अधिक गति का तूफान आने पर जान का खतरा रह सकता है। मौसम विभाग ने आठ मई को तूफान के लिए अलर्ट किया है। इस अलर्ट पर एडीएम सिटी केपी सिंह ने आदेश जारी किए हैं। इसमें कहा है कि मौसम विभाग ने आठ मई को अंधड और तूफान की चेतावनी जारी की है। ऐसे में आठ मई को कक्षा 12 तक आगरा के सरकारी और कान्वेंट स्कूल बंद रहेंगे। आदेश का पालन न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एडवाइजरी की जारी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के बाद आगरा में डीएम गौरव दयाल और एसएसपी अमित पाठक ने एडवाइजरी जारी की है, इसमें कहा गया है कि तीन से छह मई तक दोबारा आंधी तूफान आ सकता है। तूफान के समय वाहन ना चलाएं, किसी पेड , बिजली की खंभे, होर्डिग और कमजोर दीवार के सहारे ना खडे हों। जिस घर में रह रहे हैं उसकी हालत अच्छी नहीं है तो बाहर खुले में आकर खडे हो जाएं।
100 नंबर पर दें सूचना
एडवाइजरी में लिखा गया है कि कोई घटना होने पर 100 नंबर पर तुरंत सूचना दें, टॉर्च, कुल्हाडी और सीटी अपने पास रखें, यह हादसे के बाद बचाव कार्य में मददगार साबित हो सकती है। पुलिस और प्रशासनिक मदद न पहुंचने तक अपने आस पास के लोगों से मदद लें और जान बचाने का प्रयास करें।