आगरालीक्स…(1 August 2021 Agra News) आज ताजमहल बंद था. कुछ पर्यटक यहां भूल से यहां पहुंच गए तो लपके बोले—चिंता मत कीजिए हम दिखाएंगे ताजमहल और करने लगे शोषण
बंदी वाले दिन पहुंंच गए कुछ पर्यटक
ताजमहल अभी सप्ताह में केवल चार दिन यानी सोमवार से गुरुवार तक के लिए खोला जा रहा है. शुक्रवार को ताजमहल की बंदी का दिन रहता है जबकि शनिवार और रविवार प्रदेश में जारी बंदी के तहत इसे बंद रखा जाता है. लेकिन अब पर्यटक बाहर से आना शुरू हो गए हैं. कई पर्यटक ऐसे हैं जिन्हें जानकारी नहीं होती कि शनिवार और रविवार को ताजमहल बंद होता है, ऐसे में वो फिलहाल यहां से मायूस होकर लौट रहे हैं. रविवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ. कुछ पर्यटक भूलवश ताजमहल बंदी के दिन ताजमहल देखने की इच्छा व आस लिए हुए शिल्पग्राम, कलाकृति, ताजखेमा के आस पास आ गए.
लपके करने लगे परेशान
इन पर्यटकों को ताजमहल दिखाने के नाम पर लपकों द्वारा परेशान व शोषण किया जा रहा था. जब इसकी जानकारी आगरा के पर्यटक पुलिस को हुई तो उन्होंने ऐसे 8 लपकों को पकड़ लिया. इनके नाम सोनू कान खाना निवासी बसई कला ताजगंज, ज्ञानेंद्र राठौर निवासी तेलीपाड़ा चौराहा ताजगंज, दिनेश राठौर निवासी बिल्लौचपुरा ताजगंज, योगेश अग्रवाल निवासी शिल्पग्राम के पीछे ताज नगरी, आसिफ उद्दीन निवासी शहीद नगर तिराहा, विवेक राजपूत निवासी नगला डीह ताजगंज, हसीन उद्दीन निवासी असद गली ताजगंज, कासिम अली ताज नगरी फेस वन शिल्पग्राम के पीछे. पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार करके चालान कर न्यायालय भेजा गया.