आगरालीक्स…(7 December 2021 Agra News) आगरा में 11 हजार किलो मिष्ठान से लगेगा गिर्राज जी महाराज का छप्पन भोग. दो दिवसीय छप्पन भोग महोत्सव इस दिन से होगा शुरू…
शहरवासियों को महोत्सव के लिए किया आमंत्रित
वैष्णव पद्धति से बनाए गए विभिन्न प्रकार के 11 हजार किलो व्यंजनों से गिर्राज जी महाराज को छप्पन भोग समर्पित किए जाएंगे। श्री गिर्राज जी सेवा मंडल का दो दिवसीय छप्पन भोग महोत्सव गोवर्धन में 26 व 27 दिसम्बर को आयोजित किया जा रहा है। गोवर्धन तलहटी, आन्यौर परिक्रमा मार्ग स्थित श्री शरणानंद जी के आश्रम में आयोजित होने जा रहे महोत्सव में गोविन्दाभिषेक, गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा व भजन संध्या का भी आयोजन होगा। जिसमें आगरा शहर से हजारों श्रद्धालु गिर्राज जी महाराज के दर्शन के लिए पहुंचेंगे और महोत्सव के साक्षी बनेंगे।
आमंत्रण पत्र का किया विमोचन
वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में आयोजित बैठक व आमंत्रण पत्र विमोचन का शुभारंभ संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह संस्थापक मयंक अग्रवाल, अजय कुमार गोयल, मनोज कुमार गर्ग, मार्गदर्शक महंत कपिल नागर, अध्यक्ष रविन्द्र गोयल, महामंत्री अजय सिंघल, पवन कुमार अग्रवाल, कुमार अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नितेश अग्रवाल व रविन्द्र गोयल ने बताया कि शहरवासियों को आमंत्रित करने के लिए 18 दिसम्बर को श्रीमनःकामेश्वर मंदिर से आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की भांति श्री गिरिराज जी महाराज का श्रृंगार द्वारकाधीश मंदिर मथुरा के मुखिया जी द्वारा रत्नों से सुसज्जित पोशाक द्वारा किया जाएगा।

ठाकुर जी के लिए बनाया जाएगा महल
ठाकुर जी का अलौकिक श्रृंगार, भव्य फूल बंगला व जगमग रोशनी की सजावट के साथ ठाकुर जी के विराजमान के लिए महल का निर्माण किया जाएगा। 26 दिसम्बर को प्रातः गिरिराज जी महाराज का गोविन्दाभिषेक किया जाएगा। इसके उपरान्त गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा लगाई जाएगी। 27 दिसम्बर को प्रातः साधु सेवा, दोपहर में भंडारा व छप्पन भोग के दर्शन होंगे। सांय काल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) राकेश अग्रवाल, मनोज गुप्ता, सुशील गुप्ता, नीरज मित्तल, विकास वर्मा, प्रदीप कुमार अग्रवाल, विजय कुमार, संतोष कुमार, विकास जैन, मनीष अग्रवाल, छोटेलाल रावत, अजय शिवहरे, मुकुन्द अग्रवाल, अमित, संजय अग्रवाल, निखिल, मोहन सैनी आदि उपस्थित थे।