आगरालीक्स…आगरा में 49 केंद्रों पर हुई पीईटी- 2026 परीक्षा. दोनों पालियों में उमड़ी अभ्यर्थियों की भारी भीड़. गणित और हिंदी के आसान सवालों ने दी बड़ी राहत
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)- 2026 रविवार को ताजनगरी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘नकलविहीन परीक्षा’ के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। जिले में परीक्षा के लिए कुल 49 केंद्र बनाए गए थे, जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चली। प्रत्येक पाली में 22,776 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी। 25 व 30 अक्तूबर और 1 नवंबर को होने वाली इस पूरी परीक्षा में आगरा जिले में कुल 1,36,656 अभ्यर्थियों के शामिल होंगे।

जीरो टॉलरेंस नीति और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
यूपीएसएसएससी की पीईटी परीक्षा को पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का धरातल पर कड़ाई से पालन दिखा। जिले में 49 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 49 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई गई। परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के अस्थायी डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया था। परीक्षा के दिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के माध्यम से सामग्री केंद्रों तक पहुंचाई गई। आला अधिकारियों ने भी लगातार केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रहे शानदार इंतजाम
जनपद के बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे और रोडवेज की ओर से विशेष इंतजाम किए गए। रेलवे ने आगरा कैंट स्टेशन पर परीक्षार्थियों के लिए करीब 3000 वर्ग फीट का एक विशेष होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां रोशनी, पेयजल और पंखों की उचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आगरा कैंट, आगरा फोर्ट और ईदगाह स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई। जिसने परीक्षार्थियों को ट्रेन और सेंटर्स की जानकारी दी। भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ, वाणिज्य कर्मचारियों और चिकित्सकों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है तथा चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। वहीं यूपी रोडवेज द्वारा भी सेटेलाइट बस स्टेंड, आईएसबीटी और ईदगाह बस डिपो पर भी हेल्प डेस्क स्थापित की गई।

पेपर का स्तर रहा संतुलित
रविवार को परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरों पर सुकून दिखा। उनके अनुसार संविधान, सामान्य विज्ञान और रीजनिंग से जुड़े प्रश्नों का स्तर मध्यम रहा, जबकि गणित, हिंदी और अंग्रेजी के प्रश्न काफी सरल थे। पेपर का स्तर काफी संतुलित था। रीजनिंग के सवालों ने थोड़ा समय लिया, लेकिन हिंदी और गणित के प्रश्न हल करने में बहुत आसानी हुई।