आगरालीक्स…(2 February 2022 Agra News) आगरा में चुनाव परिणाम दोहराने के लिए भाजपा अपनी पूरी ताकत लगा रही है. सभी पार्टियां लगा रहीं दम, लेकिन अन्य दलों के मुकाबले भाजपा ज्यादा सक्रिय…
चुनाव प्रचार में सभी दलों ने अपनी ताक झोंकी
जैसे-जैसे मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है चुनाव की सरगर्मी बढ़ती जा रही है। आगरा की सभी नौ विधान सभा सीटों के लिए दस फरवरी को मतदान होना है, इसे देखते हुए सभी दलों के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। सुबह से लेकर देर रात तक चुनाव प्रचार को रफ्तार दी जा रही है। प्रचार के मामले में भाजपा सबसे ज्यादा सक्रिय दिखाई दे रही है। सत्तारूढ़ भाजपा जिले की सभी नौ सीटों पर काबिज है। हालांकि इस बार पिछला चुनाव जीतने वाले पांच प्रत्याशी बदल दिये गये हैं लेकिन उसके प्रत्याशी पुराना परिणाम दोहराने की कोशिश कर रहे हैं। सभी नौ सीटें फिर से जीतने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
भाजपा संगठन ज्यादा सक्रिय
संगठनात्मक ढांचे के हिसाब से देखा जाय तो पूरे जिले में भाजपा का संगठन सबसे ज्यादा सक्रिय दिखाई दे रहा है। वार्ड से लेकर बूथ तक चुनाव कमेटियां सक्रिय हैं। घर-घर संपर्क किया जा रहा है, प्रत्याशी खुद पहुंचें या न पहुंचें ंंकार्यकर्ता घर-घर पहुंच रहे हैं। पार्टी की उपलब्धियों से लोगों को अवगत कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में हुए कार्यों को गिनाकर वोट मांगे जा रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री आगरा आकर चुनाव प्रचार कर चुके हैं। हालांकि उन्होंने देहात की फतेहपुरसीकरी, फतेहाबाद और एत्मादपुर विधान सभा क्षेत्रों में सभाएं कीं थीं जबकि शहर में अन्य नेता सक्रिय रहे हैं।

बड़े नेता कर चुके हैं जनसभा
चुनाव प्रचार के मामले में भी भाजपा अन्य दलों के मुकाबले आगे चल रही है। पार्टी के कई बड़े नेता यहां आकर चुनाव प्रचार कर चुके हैं। इन नेताओं में केन्द्रीय मंत्री स्मृति इरानी, धर्मेन्द्र प्रधान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा प्रमुख रूप से शामिल हैं। चुनाव प्रचार में अभी छह दिन का समय बचा है इस बीच कई और बड़े नेताओं के आगरा आने की संभावना है।
मायावती ने आज दिखाई ताकत
इसके मुकाबले अभी विपक्षी दलों को कोई बड़ा नेता आगरा नहीं आ सका है। विपक्ष के पहले बड़े नेता के रूप में बसपा सुप्रीमो मायावती आज यहां कोठी मीना बाजार में अपने प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा कर रही हैं। सपा-रालोद और कांग्रेस के किसी बड़े नेता का कार्यक्रम अभी प्राप्त नहीं हुआ है। सपा-रालोद गठबंधन और बसपा का संगठनात्मक ढांचा भाजपा जैसा मजबूत नहीं है। सपा-रालोद मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशी के लिए काम कर रहे हैं। बसपा के संगठन के कार्यकर्ता भी अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं।