यूपीलीक्स…यूपी में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव इन तीन जिलों में मिल रहे हैं. आगरा में भी लगातार मिल रहे कोरोना संक्रमित. सीएम योगी आदित्यनाथ ने की समीक्षा, दिए निर्देश
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि संक्रमित मरीजों के स्वास्थ्य पर सतत नजर रखी जाए। बच्चों के टीकाकरण और वयस्कों के बूस्टर डोज लगाए जाने की प्रक्रिया को और तेज करने की जरूरत है। 15 से 17 आयु वर्ग में 95.85% से अधिक किशोरों को पहली खुराक मिल चुकी है और 69.80% से अधिक किशोरों को दोनों डोज लग चुकी है। 12 से 14 आयु वर्ग में 70% से अधिक बच्चे टीकाकवर पा चुके हैं, इन्हें सेकेंड डोज लगाया जाना भी शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि उत्तर प्रदेश में अब तक कोविड टीके की 31.85 करोड़+ डोज लगाई जा चुकी है, जबकि 11.23 करोड़+ कोविड टेस्ट भी किए जा चुके हैं। 18+ आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 89.86% वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है। कल की पॉजिटिविटी दर 0.03% रही।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 179 नए केस की पुष्टि हुई, जिसमें गौतमबुद्ध नगर में 56, गाजियाबाद में 37, लखनऊ में 21 नए केस शामिल हैं। जबकि इसी अवधि 231 रोगी स्वस्थ भी हुए। मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि ट्रैक, टेस्ट, ट्रीट और टीकाकरण की नीति के सफल क्रियान्वयन से उत्तर प्रदेश में कोविड पर प्रभावी नियंत्रण बना हुआ है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 1,432 एक्टिव केस हैं, जिसमें 1,374 रोगी घर पर ही स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि जिन जनपदों में कोविड केस अधिक मिल रहे हैं, वहां सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क लगाया जाना अनिवार्य है। इसे लागू कराएं। इसके प्रति लोगों को जागरूक करें। टेस्ट की संख्या बढ़ाए जाने की जरूरत है।