आगरालीक्स…(15 January 2022 Agra News) आगरा में शिमला जैसी सर्दी. शनिवार को आगरा का अधिकतम तापमान शिमला से भी नीचे पहुंचा. ठंड के गंभीर हालात…जानें तापमान
शनिवार को पूरे दिन पड़ी गलनभरी सर्दी
आगरा में इस समय सर्दी किसी हिल स्टेशन की तरह ही पड़ रही है. शनिवार को आगरा का दिन का तापमान शिमला से भी कम दर्ज किया गया. शुक्रवार को घना कोहरा छाने के बाद शनिवार को पूरे दिन गलनभरी सर्दी पड़ी. सुबह कोहरा तो नहीं छाया हुआ था लेकिन ठंड के मारे हाथ—पैर कांप रहे थे. जैसे—जैसे दिन निकलता गया गलन भी बढ़ती गई. दोपहर के समय में भी लोग ठंड से कांपते हुए दिखाई दे रहे थे. मौसम विभाग के अनुसार आगरा का शनिवार को अधिकतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ये सामान्य से 8 डिग्री कम रहा. जबकि शनिवार को शिमला का अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं आगरा का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री अधिक था. दिन के तापमान में आ रही जबर्दस्त गिरावट के कारण ही आगरा में ठंड का इतना अधिक प्रभाव देखा जा रहा है.

कोहरा छाएगा, तापमान और गिरेगा
मौसम विभाग के अनुसार आगरा में लोगों को अभी ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में आगरा में घना कोहरा छाएगा. इसके कारण तापमान में भी कमी देखने को मिलेगी.