आगरालीक्स… आगरा के आंबेडकर विवि में बिहार की नकल को पीछे छोड दिया, वीडियो में मॉडल पेपर को बीच में रखकर गोला बनाकर छात्र छात्राएं नकल करते दिखाई दे रहे हैं। तीन कॉलेजों में सामूहिक नकल पकडी गई है।
शुक्रवार को विवि की परीक्षा में सचल दल और निरीक्षकों ने कार्रवाई की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, निरीक्षक डॉ. निशांत चौहान का कहना है कि बीएसपी कॉलेज, कंजौली घाट मथुरा का गेट बंद था। परीक्षा नहीं चल रही थी, स्थानीय लोगों से पूछा तो कॉलेज की बिल्डिंग के पीछे एक और बिल्डिंग बनी हुई मिली। उसमें छापा मारा, वहां बीएससी तृतीय वर्ष केमिस्ट्री, बीकॉम तृतीय वर्ष और बीए तृतीय वर्ष की परीक्षा छह कमरों में करीब 200 छात्र-छात्रएं दे रहे थे।
झुंड में बैठकर कर रहे थे नकल
परीक्षा कक्ष में झुंड बनाकर छात्र-छात्रएं मॉडल पेपर रखकर सामूहिक नकल कर रहे थे। सभी कमरों का यही हाल था, कुछ छात्र उत्तर पुस्तिका और मॉडल पेपर लेकर परीक्षा कक्ष से बाहर भाग गए। यहां से छह कॉपी जब्त की हैं। इसमें से एक कॉपी खाली थी, एक कॉपी में कोई एंट्री नहीं थी। बड़ी मात्र में नकल सामग्री भी जब्त की है। इसके बाद राजवीर सिंह सिकरवार, सैयदपुर बल्देव मथुरा में छापा मारा। एक कमरे में बड़ी मात्र में मॉडल पेपर और फोटो कॉपी मिली हैं। बीए, बीएससी और बीकॉम के जिस प्रश्न पत्र की परीक्षाएं चल रहीं थी, वही मॉडल पेपर कमरे से जब्त किए गए हैं। कई कॉपियों में एक समान उत्तर लिखे हुए थे। यहां से भी नकल सामग्री जब्त की है। डॉ. सीमा सिंह के नेतृत्व में सचल दल ने श्री राम आदर्श महाविद्यालय, पनवारी आगरा में छापा मारा। टीम ने सामूहिक नकल करते हुए छात्र-छात्रओं को पकड़ा है। एक सचल दल ने मैनपुरी और दूसरे सचल दल ने एटा के कॉलेजों में जांच की। पीआरओ डॉ गिरजा शंकर शर्मा का कहना है कि तीनों कॉलेजों के मामले कमेटी में रखे जाएंगे, कमेटी की रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।