आगरालीक्स…(24 July 2021 Agra News) आगरा से जा रहे भाजपा विधायक ने टोल कर्मचारी को मारा थप्पड़. हंगामा ऐसा हुआ कि 18 मिनट तक टोल से फ्री निकलते रहे वाहन
आगरा से मथुरा जा रहे थे बलदेव के विधायक
आगरा से मथुरा जा रहे बलदेव से भाजपा विधायक पूरन प्रकाश ने शनिवार को महुअन टोल प्लाजा पर हंगामा कर दिया. उन्होंने एक टोलकर्मी को थप्पड़ मार दिया जिससे करीब 18 मिनट तक यहां हंगामा होता रहा. हंगामा भी ऐसा हुआ कि इस दौरान टोल फ्री होने से वाहन निकलते रहे. भाजपा विधायक का आरोप है कि टोल पर बेवजह वाहनों को रोका जाता है जबकि टोल प्रबंधन का कहना है कि 30 सेकंड से ज्यादा यहां वाहनों को रोका नहीं जाता है. थप्पड़ मारने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
शाम करीब 4 बजे का मामला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शाम करीब चार बजे भाजपा विधायक पूरन प्रकाश का काफिला आगरा से मथुरा की ओर जाते हुए महुअन टोल प्लाजा पर पहुंचा. बताया जाता है कि विधायक के आगे जो गाड़ी थी उसे टोल पर कुछ सेकंड के लिए रोककर एंट्री करने के बाद जाने दिया. लेकिन जैसे ही विधायक की गाड़ी पहुंची तो सिग्नल नीचे आ गया और कुछ ही सेकेंड में सिग्नल ऊपर हो गया. बताया जाता है कि इससे विधायक पूरन प्रकाश गुस्सा में आ गए और उन्होंने गाड़ी से उतरकर टोलकर्मी को थप्पड़ मार दिया.
18 मिनट तक टोल रहा फ्री
बताया जाता है कि विधायक के साथ जा रहे पुलिसकर्मियों ने विधायक के कहने पर टोल को फ्री करा दिया जिससे यहां से करीब 18 मिनट तक वाहन गुजरते रहे. विधायक का आरोप है कि यहां तैनात कर्मचारी ठीक से काम नहीं कर रहे. वाहनों को काफी देर तक रोका जाता है जिसके कारण जाम लगता है और लोगों को परेशानी होती है. वहीं टोल प्रबंधन का कहना है कि यहां पर किसी भी वाहन को 30 सेकेंड से ज्यादा नहीं रोका जाता. विधायक की गाड़ी के जाते समय भी जाम नहीं था.सिग्नल जरूर पहले डाउन हो गया और बाद में अप लेकिन इसमें टोल कर्मियों की कोई गलती नहीं है.
भाजपा विधायक का कहना है कि महुअन टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों, एंबुलेंस अथवा वीआईपी के लिए सर्विस लेन नहीं है। इससे एंबुलेंस अथवा वीआईपी आसानी से नहीं निकल पाते. महुअन टोल प्लाजा पर होने वाली अव्यवस्थाओं से 3 दिन पहले डीएम से भी वार्ता हुई थी और आज सीओ रिफाइनरी तथा थाना प्रभारी फरह से भी बात हुई. उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है. विधायक पूरन प्रकाश ने बताया कि 7-7 लेन की जगह 3-3 लेन चल रही थीं. जिससे वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं. एंबुलेंस भी फंसी हुई थी. इसके चलते ही वह अपनी गाड़ी से उतरे तो उन्हें देकर टोल कर्मी भाग खड़े हुए। इसके चलते करीब 15 मिनट तक टोल फ्री रहा.