नई दिल्लीलीक्स…दो घंटे के लिए किराये पर लिया एयरोप्लेन. आसमान में की शादी. 131 मेहमान हुए शामिल. सोशल मीडिया पर वायरल, लोगों की तीखीं प्रतिक्रियाएं
एक दिन की सख्ती से मिली राहत का उठाया फायदा
देश की सोशल मीडिया से लेकर न्यूज चैनलों तक इस समय तमिलनाडु के मदुरै का एक कपल चर्चा में है. चर्चा में इनकी शादी है जो कि इन्होंने आसमान यानी एयरोप्लेन में रचाई है. बता दें कि देश में इस समय कोरोना महामारी के कारण कई राज्यों में सख्ती पाबंदियां लगी हुई हैं. तमिलनाडु में भी 24 मई से लेकर 31 मई तक टोटल लॉकडाउन की घोषणा की गई थी लेकिन इससे एक दिन पहले यानी 23 मई को एक दिन के लिए कोरोना कफ्र्यू में छूट दी गई थी. ऐसे में मदुरै के एक कपल ने इस एक दिन की मिली छूट का फायदा उठाया.
कोरोना नियमों का हुआ उल्लंघन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मदुरै के रहने वाले राकेश और दीक्षा ने एक हवाईजहाज दो घंटे के लिए किराये पर लिया और अपने 131 रिश्तेदारों के साथ हवाईजहाज में ही शादी की को पूरा किया. हालांकि बताया जाता है कि दोनों की शादी तीन दिन पहले 20 मई को हो चुकी थी लेकिन रिश्तेदार कम शामिल होने और ज्यादा उत्साह न नजर आने के कारण इन्होंने 23 मई को इस तरह से शादी करने का फैसला किया. शादी के दौरान हवाईजहाज में 131 लोग शामिल थे लेकिन यहां कोरोना को लेकर जारी किए गए नियमों का जमकर उल्लंघन हो रहा था. जारी वीडियो में कोई भी व्यक्ति मास्क तक नहीं पहना हुआ था. हालांकि कपल का कहना है कि सभी यात्रियों के RTPCR टेस्ट कराए गए थे. इनकी रिपोर्टिव निगेटिव आने के बाद ही शामिल किया गया.
सोशल मीडिया पर वायरल, कड़ी प्रतिक्रियाएं
इधर कपल की एयरोप्लेन में शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. कुछ लोग जहां इस शादी का समर्थन करते हुए दिखाई दे रहे थे तो बहुत से लोग कोरोना के नियमों का उल्लंघन करने पर इस शादी पर अपनी तीखी प्रतिक्रियाएं भी व्यक्त कर रहे थे. कई लोगों का तो यहां तक कहना था कि इन सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. इसके अलावा एयर कंपनी के खिलाफ भी कई लोगों में गुस्सा दिखाई दिया.
अब जांच के आदेश
इधर सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस अनोखी शादी में जब कोरोना के नियमों का जमकर उल्लंघन होता दिखाई दिया तो जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डीजीसीए ने इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. एयरलाइन और एयरपोर्ट अथॉरिटी से पूरी रिपोर्ट मांगी है. एयरलाइन ने संबंधित अधिकारियों के साथ कोविड नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का निर्देश दिया है.