आगरालीक्स…एक मां अपनी 5 साल की बेटी को 500 रुपये में बेच रही थी. जो भी मिलता उससे बेटी को खरीदने की बात कहने लगी…पढ़ें पूरी खबर
ब्लॉक कार्यालय फरह पर थी महिला
आगरा मंडल के ब्लॉक फरह पर एक मां के द्वारा अपनी 5 साल की बेटी को 500 रुपये में बेचने का मामला सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चाइल्ड लाइन पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि एक महिला ब्लॉक कार्यालय पर बैठी है. उसके पास दो लड़कियां हैं. एक की उम्र 7 साल की है जबकि दूसरी की 5 साल की. महिला अपनी 5 साल की बेटी को 500 रुपये में बेचने की बात कह रही है. जो भी कोई व्यक्ति वहां से गुजरता है तो महिला उससे उसकी बेटी खरीद लेने की बात कहती है. इस पर चाइल्ड लाइन की टीम मौके पर पहुंची तो वहां उसे महिला और उसके साथ दो लड़कियां दिखाई दी. टीम तीनों को क्षेत्रीय थाने ले आई.
मेडिकल कराने के बाद हुई कोविड जांच
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने महिला और उसकी दोनों बेटियों से बातचीत कर कागजी कार्रवाई पूरी की. इसके बाद बच्चियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया. चाइल्ड लाइन द्वारा बच्चियों की कोविड जांच भी कराई गई जो कि निगेटिव आई. टीम ने इसके बाद दोनों बच्चियों को बाल कल्याण समिति के आदेश पर राजकीय बाल शिशु गृह में भेज दिया.
विक्षिप्त है मां, पिता पंजाब में
इधर मीडिया रिपोर्ट के अनुसार चाइल्ड लाइन के कोआर्डिनेटर के अनुसार बच्चियों की मां विक्षिप्त प्रतीत हो रही है. उसके पास से एक व्यक्ति का नंबर मिला जिस पर संपर्क करने पर व्यक्ति का नाम जस्सा सिंह है और जो कि पंजाब में रहने वाला है. जस्सा सिंह ने खुद को बच्चियों का पिता और महिला को अपनी पत्नी बताया है. जस्सा सिंह के अनुसार उसने 6 साल पहले महिला को 40 हजार रुपये में खरीदा था. महिला के साथ उसकी बड़ी बेटी साथ आई थी जबकि छोटी बेटी उसकी है. वह अपनी बेटी को लेने के लिए आ रहा है.
मानव तस्करी की आशंका
इधर मामले को लेकर बाल कल्याण समिति की सदस्या स्नेहलता चतुर्वेदी ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि मामला मानव तस्करी का भी हो सकता है. समिति द्वारा इसकी जांच के आदेश किए गए हैं. दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. दोनों बच्चियां राजकीय बाल शिशु गृह में हैं.